आपसी विवाद में महिला के साथ की छेड़छाड़, युवक ने लगाए मारपीट के आरोप

शिवपुरी। कोतावाली क्षेत्रान्तर्गत छोटी नोहरी में कल पड़ोसियों के बीच हुए आपसी विवाद के बाद एक महिला ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ का मामला दर्ज करा दिया। वहीं दूसरी ओर छेड़छाड़ के प्रकरण में आरोपी बने युवक ने छेड़छाड़ की पीडि़त महिला सहित उसके पति पर मारपीट का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने दोनों प्रकरणों में कायमी कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कल सुबह 11 बजे रानी ओझा (परिवर्तित नाम) पत्नी हरिओम ओझा निवासी छोटी नौहरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी देवेन्द्र पुत्र राजारामा ओझा उम्र 30 वर्ष उसके पति की अनुपस्थिति में घर में घुस आया और उसने उसके साथ बुरा काम करने की कोशिश की। साथ ही उसने उसको धमकी दी कि अगर उसने ऐसा नहीं किया तो वह उसके पति को जान से मार देगा और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। यह देख उसका देवर गोविंद वहां आ गया और जिसे देखकर आरोपी मौके से भाग गया।

वहीं दूसरी ओर छेड़छाड़ का आरोपी बना देवेन्द्र पुत्र राजाराम ओझा ने भी थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आरोपी हरिओम पुत्र ग्यासी ओझा और उसकी पत्नी कल दोपहर उसके घर पर आए। उस समय हरिओम के हाथ में बका था और उसकी पत्नी लाठी लिए थी। दोनों ने घर में घुसकर उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौंच की। जब उसे रोका गया तो आरोपी हरिओम ने बका से उस पर हमला बोल दिया। जिससे उसके शरीर में चोटें आई हैं। बताया जाता है कि दोनों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था और इसी विवाद के कारण दोनों ने प्रथक-प्रथक रूप से एक-दूसरे पर मामला दर्ज कराया है।