लॉ कॉलेज के लिए भवन सहित जुटाए जाऐंगें संसाधन

शिवपुरी- शिवपुरी के शा.स्नातकोत्तर महाविद्यालय में लगने वाले लॉ कॉलेज की मान्यता पर मंडरा रहे खतरे को देखते हुए यहां पर लॉ कॉलेज के लिए अलग से भवन और स्टाफ एवं प्राचार्य के लिए जनभागीदारी समिति सक्रिय हुई है।

सोमवार को  पी.जी.कॉलेज की जनभागीदारी समिति की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में अध्यक्ष अजय खेमरिया सहित अन्य समिति सदस्यों ने लॉ कॉलेज के लिए अलग से संसाधन जुटाने के लिए एक मत होकर प्रस्ताव पास किया है। जनभागीदारी समिति की बैठक में प्राचार्य डी.के.द्विवेदी सहित समिति के सदस्यगण मौजूद थे। इस बैठक में 19 बिन्दुओं पर विचार हुआ जिसमें से कई बिन्दु सर्व सम्मति से पास हुए। 

उल्लेखनीय है कि शिवपुरी के पी.जी. कॉलेज में लगने वाले लॉ कॉलेज के लिए बी.सी.आई. की शर्तों के अनुसार अलग से भवन पृथक स्टाफ और प्राचार्य की व्यवस्था नहीं है इसलिए कभी भी इस लॉ कॉलेज की मान्यता समाप्त हो सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अध्यक्ष जनभागीदारी समिति अजय खेमरिया ने अपनी ओर से प्रभावी पहल की है। अजय खेमरिया के प्रयासों से अब लॉ कॉलेज के लिए पृथक से भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव पास कर लिया गया है। 

इसके अलावा जो बी.सी.आई. की शर्तों को भी जल्द से जल्द पूरा करने के प्रस्ताव पास किए गए है। सोमवार को आयोजित बैठक में 19 बिन्दुओं पर चर्चा हुई जिसमें  कॉलेज में दो परीक्षा हॉल के निर्माण के लिए बीआरजीएफ योजनांतर्गत राशि मांगने के लिए कलेक्टर को 40 लाख रूपये का प्रस्ताव भेजने की बात कही गई। इसके अलावा रसायन विभाग के लिए पैथोलॉजी उन्नयन के लिए 12 लाख 40 हजार रूपये का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुआ। इसी तरह महाविद्यालय में वाटर सप्लाई की नवीनीकरण व्यवस्था के लिए बजट का प्रावधान भी किया गया। इस बैठक में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष के अलावा समिति सदस्यगण आलोक एम.इन्दौरिया, एल.डी.गुप्ता, नपा उपाध्यक्ष भानु दुबे, पत्रकार रंजीत गुप्ता, अभिषेक शर्मा, हरिओम अग्रवाल, दीपक गोयल, डॉ.विजय खन्ना, कपिल शर्मा आदि सदस्य मौजूद थे।


लाईब्रेरी में पुस्तकों की होगी जांच


कुछ अनुसूचित जाति के छात्रों द्वारा लाईब्रेरी से पुस्तकें ना मिलने के बाद उनकी शिकायतों के चलते जनभागीदारी समिति ने इस मामले में जांच समिति बनाए जाने का प्रस्ताव पास किया है। जांच का जिम्मा प्राचार्य डी.के.द्विवेदी को सौंपा गया है। कुछ छात्रों ने शिकायत दर्ज कराई कि लाईब्रेरी में यू.जी.सी. से प्राप्त बजट से जो किताबें खरीदी गई है वह सेमेस्टर समाप्त होने के बाद खरीदी गई और छात्रों को समय पर पुस्तकें नहीं मिली। 


कॉलेज की बनेगी बेबसाईट


शा.एस.एम.एस.पीजी कॉलेज की जल्द ही नई बेबसाईट बनेगी। प्राचार्य डी.के.द्विवेदी ने बताया कि नॉक के दिशा निर्देशानुसार महाविद्यालय के पास डॉट कॉम सहित एडे्रस बेबसाईट होनी चाहिए इन्हीं निर्देशों के अनुसार कॉलेज की बेबसाईट बनाई जा रही है। जल्द ही यह बेबसाईट इंटरनेट पर उपलब्ध होगी जिसमें कॉलेज की प्रवेश प्रक्रिया, फॉर्म, छात्रों की जानकारी, कोर्सेस की पूरी जानकारी के साथ-साथ अन्य जानकारियां मौजूद रहेंगी।