नरवर के चुनावी रण में 40 फीसदी मतदान

शिवपुरी-नपं नरवर के अध्यक्ष और वार्डों से पार्षद चुने जाने के लिए आज सुबह ०७ बजे से मतदान प्रारंभ हुआ। सर्दी के बावजूद भी सुबह से ही अधिकांश मतदान केन्द्रों पर तेज मतदान होता देखा गया। पहले चार घंटे में 40 प्रतिशत से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे।

उममीद की जा रही है कि शाम 5 बजे तक मतदान का आंकड़ा 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच सकता है। नरवर को चुनाव के दौरान पुलिस छावनी के रूप में बदल दिया गया। कलेकटर आरके जैन और पुलिस अधीक्षक आरपी सिंह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह सहित भारी पुलिस बल नरवर में जमा हुआ है। 

नपं नरवर के अध्यक्ष पद हेतु कांग्रेस के प्रत्याशी मनोज माहेश्वरी, भाजपा के जिनेन्द्र जैन बल्लो और बसपा प्रत्याशी गोविंद सिंह के बीच जोरदार मुकाबला हो रहा है। तीनों दलों ने जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी है। कांग्रेस और भाजपा ने जीत हेतु आर्थिक संसाधन झोंक दिए हैं और यह आरोप लग रहा है कि चुनाव में बड़ी मात्रा में पैसे और शराब का वितरण मतदाताओं को प्रलोभित करने के लिए किया गया। 

नरवर में बाहरी नेताओं के जमे रहने की खबरें भी आ रही हैं। कांगे्रस ने चुनाव धांधली को लेकर कल प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा। इस कारण नरवर चुनाव को लेकर प्रशासन ने सर्तकता एकदम से बढ़ा दी। ऐसे माहौल में आज सुबह मतदान शुरू हुआ। कुशवाह बाहुल्य वार्डों में बड़ी संख्या में कुशवाह मतदाता मतदान के लिए पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक नरवर में मतदान जारी था।