दो समुदाय के युवकों के संघर्ष से पुरानी शिवपुरी में तनाव गहराया

shailendra gupta
0
शिवपुरी। पुरानी शिवपुरी में कल रात दो समुदाय के युवकों के संघर्ष से तनाव गहरा गया। इलाके में तनाव और दहशत का वातावरण फैल गया। घरों में लोग घुस गए और छतों पर असामाजिक तत्वों की करतूतों को मूक और दुखी नजरों से देखने लगे।

समय रहते अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित सिंह, साहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। दोनों समुदाय के गणमान्य और प्रतिष्ठित नागरिक भी मौके पर पहुंच गए। समझाईश बुझाईश का दौर चला और एडी. एसपी अमित सिंह ने हिदायत दी कि दोनो पक्ष बैठकर राजीनामा कर लें अन्यथा वे प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र रहेंगे। दोनों पक्षों के बीच मेल-मिलाप में पार्षद राजू गुर्जर,अभिषेक शर्मा, अब्दुल रफीक अप्पल, गुड्डा, भाजपा नगर अध्यक्ष ओमप्रकाश जैन ओमी और महामंत्री भरत अग्रवाल ने मुख्य भूमिका निभाई।

शिवपुरी की साम्प्रदायिक सद्भाव की नगरी के रूप में पूरे देश में एक विशिष्ठ पहचान है। यहां दोनों ही सम्प्रदाय एक-दूसरे के त्यौहारों को मिल-जुलकर मनाते हैं और भाई-भाई की तरह एक-दूसरे के सुख-दुख में काम आते हैं। लेकिन पुरानी शिवपुरी में कुछ वर्षों से राजनीति ने दोनों सम्प्रदायों के बीच कटुता बढ़ाने का काम किया है। इसी की परिणिति स्वरूप यहां का माहौल धीरे-धीरे बिगड़ रहा है।

राजनीति में वर्चस्व स्थापित करने के कारण दोनों सम्प्रदायों से जुड़े असामाजिक तत्वों के कुछ युवकों में तीन-चार दिन से तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई थी। पहले एक गुट ने दूसरे गुट के साथ मारपीट कर दी और कल जब दूसरे गुट को मौका मिला तो उसने पहले गुट के कुछ युवकों को धुन दिया। इसके बाद माहौल बिगड़ गया।

असामाजिक तत्वों की हरकत से माहौल दूषित होने लगा। स्थिति बिगड़ती इसके पहले ही पुलिस सजग हो गई और दोनों पक्ष के प्रतिष्ठित नागरिक भी मौके पर आ पहुंचे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  अमित सिंह ने दोनों समुदाय के लोगों को बिठाकर बातचीत करने का निर्णय लिया। खुशी की बात यह रही कि दोनों पक्षों ने अमन और शांति को पहली आवश्यकता बताया और कहा कि वे शहर के साम्प्रदायिक सद्भाव के  वातावरण को बिगडऩे नहीं देंगे।
Tags

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!