सरकारी खजाने को चपत लगा रहे हैं रतन सिंह गुण्डिया

शिवपुरी. भारतीय जनता युवा मोर्चा खनियाधाना के अध्यक्ष रमाकान्त शर्मा ने इन दिनों पिछोर-खनियाधाना क्षेत्र में महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी रतन सिंह गुण्डिया पर गंभीर आरोप लगाए है। इनके विरूद्ध पूर्व में प्रकरण भी पुलिस थाने में पंजीबद्ध है। इन्होंने अपने ही नीचे कई छुटपुट लोगों को दलाल के रूप में रखते हुए शासकीय योजनाओं का दुरूपयोग किया है।


इस संंबंध में युवा मोर्चा अध्यक्ष श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ में भी कागजी दस्तावेजों के साथ शिकायत की है। जिसका पीजी सेल नं.पीजी/161452/2012/99 है। श्री शर्मा ने पिछोर-खनियाधाना के महिला बाल विकास के परियोजना अधिकारी रतन सिंह गुण्डिया के विरूद्ध भ्रष्टाचार एवं शासकीय योजनाओं के दुरूपयोग को लेकर निष्पक्ष जांच करते हुए कार्यवाही की मांग की है।

प्रेस को दी गई शिकायत में भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष खनियाधाना रमाकान्त शर्मा ने बताया कि महिला बाल विकास पिछोर(प्रभारी खनियाधाना) रतन सिंह गुण्डिया पदस्थ है जहां इनके द्वारा संचालित योजनाओं में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचारी खुलेआम की जा रही है। इनके द्वारा नवम्बर 2009 से शासन द्वारा संचालित सांझा चूल्हा कार्यक्रम अंतर्गत सभी समूहों के नाम से राशि की मांग की गई परन्तु बैंक में किन्हीं चिह्नित समूहों के खातों में एक से अधिक समूहों की राशि भेजी जाकर भुगतान कराया गया है। वहीं इनके  कुछ अदने से लोग जो दलालों की भूमिका में है उनमें रामजी भार्गव से पी.एन.बी.गूडर बैंक पर जाकर समूहों से आधी राशि के लगभग वसूली की गई।

खनियाधाना पुलिस द्वारा दलाल को गूडर बैंक से पकड़ा भी जा चुका है। इसी प्रकार समूहों की रािश में फेरबदल परियोजना पिछोर के अंतर्गत समूहों की राशि की मांग एवं जमा में जालसाजी कर राशि हड़पी गई है। श्री शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा आयोजित प्रशिक्षण भी इनके द्वारा कभी भी आयोजित नहीं किये जाते है। केवल बिल तैयार कर खर्चा बताकर शासन एवं विभाग को चूना लगाया जा रहा है। इनके द्वारा परियोजना खनियाधाना में वर्ष 2009 में आंगनबाड़ी भर्ती में दलाल रामजी भार्गव एवं विनोद सोनी पर्यवेक्षक आंगनबाड़ी पिछोर के पति द्वारा फर्जी अंकसूचीयां, बीपीएल कार्ड एवं अनुभव प्रमाण पत्र तैयार कराये जाकर मनमानी राशि वसूल की जाकर नियुक्तियां की गई है।

इनमें से कार्यकर्ता की नियुक्ति भी माननीय कलेक्टर द्वारा ग्राम विजरावन का प्रकरण सामने आने पर नियुक्ति निरस्त भी की गई। श्री शर्मा ने आरोप लगाया कि पूर्व में फर्जी दस्तावेजों की शिकायत जन शिकायत निवारण प्रकोष्ठ  भोपाल को मय ग्रामों के नामों की सूची भेजी गई थी उस पर भी कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई। कलेक्टर के शिवपुरी भ्रमण के दौरान भी पिछोर संविदा पर्यवेक्षक श्रीमती प्रमिलेश शर्मा(जो दलाल महेन्द्र शर्मा की पत्नी) को निलंबित करने के निर्देश दिए गए थे परन्तु आज दिनांक तक कोई कार्यवाही गुण्डिया द्वारा नहीं की गई। श्री गुण्डिया के विरूद्ध ग्राम कैडर पिछोर अंतर्गत स्व सहायता समूह चलाने वाली एक महिला के साथ माह जुलाई 2010 में छेड़छाड़ भी की गई थी पुलिस द्वारा श्री गुण्डिया पर धारा 323,354,506 बी के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।

श्री शर्मा ने बताया कि परियोजना अधिकारी रतन सिंह गुण्डिया द्वारा महेन्द्र शर्मा पर्यवेक्षक पति पिछोर रमाकांत मिश्रा ग्राम ढलामुहार, राजेन्द्र यादव कसेरा खनियाधाना कार्यकर्ता पति एवं रामजी भार्गव ग्राम मनियर पिछोर कार्यकर्ता पति आदि सक्रिय दलालों द्वारा वर्तमान में 30 प्रतिशत राशि वसूल करने के लिए इन स्व सहायता समूहों पर दबाबपूर्वक वसूली कराई जा रही है। भाजपा युवा मोर्चा के खनियाधाना के अध्यक्ष रमाकान्त शर्मा ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए शीघ्र कार्यवाही की मांग की है अन्यथा परियोजना अधिकारी के विरूद्ध भाजपा युवा मोर्चा को मोर्चा खोलने को बाध्य होना पड़ेगा।