70 साल के बूढ़े पर हथियारों से हमला

शिवपुरी. जिले के बदरवास थाना क्षेत्रांतर्गत पुरानी रंजिश के चलते यादवी संघर्ष में 6 लोगों ने मिलकर एक वृद्ध पर जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में घायल अधेड़ व्यक्ति को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर इनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वभूत सिंह यादव पुत्र मंगल सिंह यादव उम्र 70 साल निवासी बूढाडोंगर बीते रोज शाम के समय खेत से अपनी घर की ओर जा रहा था इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे रामकुमार यादव, श्याम कुमार यादव, जगदीश यादव, रघुवीर सिंह यादव, थान सिंह यादव निवासी बूढाडोंगर, लाला राम यादव निवासी कुल्हाडी ने पुरानी रंजिश के चलते वृद्ध वभूत सिंह यादव का रास्ता रोक लिया और उस पर लाठी, लुहांगी, फरसों से जानलेवा हमला बोल दिया। इस जानलेवा हमले में वभूत सिंह जमीन पर अचेत होकर गिर पड़ा। मौके पर वृद्ध को मरा समझ सभी हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। 

स्थानीय ग्रामीणों द्वारा घायल वृद्ध को उपचार हेतु बदरवास स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया जहां से उसकी गंभीर हालत के चलते चिकित्सकों ने उसे शिवपुरी रैफर कर दिया है। पीडि़त परिवार द्वारा घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल वृद्ध की फरियाद पर से उक्त सभी हमावरों के खिलाफ धारा 145, 148, 149, 307 भादवि के तहत मामला पंजीबद्ध कर इनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। घटना को अंजाम देने के बाद से ही सभी आरोपी गांव से फरार बताए जा रहे हैं।