शिवपुरी, 80 बच्चों पर सिर्फ 1 कमरा और स्कूल में दलदल, पोहरी विधायक के निरीक्षण में खुली पोल

Lalit Mudgal
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी। शिक्षा के मंदिर में बच्चे बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं। कहीं स्कूल के पास मौजूद गहरे तालाब और दलदल बच्चों के लिए खतरा बने हुए हैं, तो कहीं जर्जर भवन किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं। यह खौफनाक हकीकत 16 सितंबर को पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह के औचक निरीक्षण में सामने आई। बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताते हुए विधायक ने प्रशासन से तत्काल कड़े कदम उठाने की मांग की है।

परिसर बना दलदल, हर पल हादसे का डर
विधायक ने जब ग्राम पंचायत बमरा के शासकीय एकीकृत हाई स्कूल का दौरा किया, तो वहां की स्थिति बेहद डराने वाली मिली है। स्कूल से सटी हुई तीन ताल-तलैया हैं, जिससे बारिश के दिनों में पूरा स्कूल परिसर दलदल जैसी स्थिति में तब्दील हो जाता है। बाउंड्रीवॉल न होने के कारण हमेशा यह डर बना रहता है कि खेलते समय कोई बच्चा इन गहरे गड्ढों या पानी का शिकार न हो जाए। स्कूल का भवन अंदर से जर्जर हो चुका है और बारिश के दौरान छत से पानी टपकने की समस्या आम है।

80 बच्चों का भविष्य एक कमरे में कैद
ग्राम पंचायत घटाई के ग्राम भैंसदा स्थित स्कूल में भी बच्चों की सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को ताक पर रख दिया गया है,करीब 80 छात्रों की पढ़ाई और शिक्षकों का कार्यालय महज एक ही कमरे में संचालित हो रहा है, जिससे बच्चों को बैठने तक की पर्याप्त जगह नहीं मिल रही। विद्यालय के ठीक सामने एक पुराना जर्जर भवन खड़ा है, जो किसी भी दिन गिरकर बड़े जानलेवा हादसे का कारण बन सकता है।

विधायक ने उठाया सख्त कदम
बच्चों की जान पर मंडरा रहे इस खतरे को देखते हुए विधायक कैलाश कुशवाह ने तुरंत जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को पत्र लिखा है। उन्होंने अपनी मांग में स्पष्ट किया है बमरा स्कूल में तत्काल बाउंड्रीवॉल का निर्माण, जल निकासी की व्यवस्था और परिसर का समतलीकरण कराया जाए। भैंसदा स्कूल में छात्रों के लिए अतिरिक्त कक्ष और रसोईघर की व्यवस्था हो। दोनों स्थानों पर जर्जर भवनों का आवश्यक निर्माण या मरम्मत कार्य प्राथमिकता से किया जाए। विधायक ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे शीघ्र ही दोनों विद्यालयों का स्थल निरीक्षण करें और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!