शिवपुरी, पत्नि को मायके जाने से रोका तो ससुरालियो के साथ मारपीट, क्रॉस मामला दर्ज

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
शहर के देहात थाना क्षेत्र में एक पारिवारिक विवाद उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब एक महिला और उसके ससुराल पक्ष के बीच मायके जाने को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार देहात थाना क्षेत्र निवासी रूबीना पत्नी सोहिल खान ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि पिछले कुछ दिनों से उसके ससुराल वाले घरेलू कामकाज को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहे थे। महिला का कहना है कि 18 जून की शाम उसने अपने मायके जाने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका विरोध किया।

रूबीना के अनुसार उसके पति सोहिल खान, जेठ मोहसिन खान, सास शमीम बेगम और ससुर अनवर खान ने उसके साथ गाली-गलौज की और बाद में मारपीट शुरू कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि जब उसकी चीख-पुकार सुनकर उसके पिता और भाई मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का प्रयास किया, तब ससुराल पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। घटना के बाद घायल महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने आरोपित ससुरालियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।

दूसरे पक्ष ने लगाए अलग आरोप
वहीं मामले में दूसरा पक्ष भी सामने आया है। महिला के पति सोहिल खान ने पुलिस को दिए आवेदन में अलग ही कहानी बताई है। सोहिल का कहना है कि उसकी पत्नी मोहर्रम के अवसर पर ताजिये देखने के लिए गुना जाने की जिद कर रही थी। परिवार द्वारा मना करने पर उसने अपने मायके पक्ष के लोगों को बुला लिया।

सोहिल के अनुसार कुछ देर बाद मायके पक्ष के लोग उनके घर पहुंच गए और इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। उनका आरोप है कि मायके पक्ष के लोगों ने उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, जिसमें उनकी भाभी घायल हो गई। सोहिल ने बताया कि उनकी भाभी नौ माह की गर्भवती है और घटना में उसे भी चोटें आई हैं।

पुलिस कर रही जांच
दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप के बाद देहात थाना पुलिस ने दोनों ओर से शिकायत दर्ज कर क्रॉस केस कायम किया है। पुलिस का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!