शिवपुरी | जिले के नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) आकाश यादव ने पदभार संभालते ही विभागीय नब्ज टटोलना और व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद करना शुरू कर दिया है। शहर के उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में आयोजित एक अहम जिला स्तरीय बैठक में डीईओ ने सभी बीईओ, संकुल प्रभारियों और एईओ के साथ 'वन-टू-वन' चर्चा की और दोटूक शब्दों में लापरवाही बर्दाश्त न करने की चेतावनी दी।
डीईओ यादव ने साफ किया कि कक्षा पहली से 12वीं तक के सभी स्कूल समय पर और नियमित रूप से संचालित होने चाहिए, जहां शिक्षकों के साथ-साथ छात्रों की भी शत-प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य होगी। उन्होंने कलेक्टर के निर्देशानुसार शिक्षा विभाग को जिले में ए-रेटिंग दिलाने के लिए 15 जुलाई तक का लक्ष्य तय करते हुए अफसरों की सीधे जवाबदेही तय कर दी है।
इस दौरान प्रमुख रूप से आरएमएसए की एडीपीसी स्वीटी मंगल, एपीसी राजाबाबू आर्य, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य विवेक श्रीवास्तव, कोलारस बीईओ राहुल भार्गव, वत्सराज सिंह राठौड़, प्राचार्य अर्चना शर्मा, प्रेम लता गुप्ता,कौशल गौतम,अवधेश तौमर,भरत धाकड़ सहित अन्य संकुल प्रभारी व एईओ मौजूद रहे।
जीर्णशीर्ण कक्षों में न बैठाएं छात्रों को
डीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि विद्यालय परिसर की नियमित साफ-सफाई हो और संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी स्कूल में जर्जर और जीर्णशीर्ण भवनों का उपयोग छात्रों को बैठाने या अन्य उपयोग के लिए कतई न किया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का ग्रेडिंग माह एवं 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतोंं का निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर के निर्देश अनुसार विभाग की जिले में ए रेटिंग प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। उक्त लक्ष्य को 15 जुलाई से पूर्व प्राप्त करना सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई प्रकरणों का तत्काल हो निराकरण
डीईओ ने स्पष्ट किया कि कलेक्टर जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का तत्काल व नियमानुसार निराकरण कर अगली जनसुनवाई से पहले प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित किया जाए, साथ ही शिकायत कक्ष द्वारा दी गई जांच में भी प्रतिवेदन समय सीमा में भेजे जाएं। जो लोकसेवक लंबे समय से अनुपस्थित हैं उनकी जानकारी तीन दिवस में तलब की गई है। इसके अलावा विधि कक्ष द्वारा वसूली संबंधित प्रकरणों की चाही गई जानकारी अविलंब भेजने के निर्देश दिए हैं।
यह जबावदेही की गई तय
बैठक में सभी अधिकारियों की जबावदेही भी तय की गई हैं। कक्षा 1 से 12 वी तक की समस्त योजनाओं के लिए बीईओ जिम्मेदार रहेंगे, साथ ही विद्यालय में शुद्ध पेजयल व पृथक-पृथक शौचालयों की व्यवस्था की जाए। विकासखण्ड स्तर पर आईटी शैल का गठन कर पोर्टल पर समस्त जानकारी अपडेट की जाएं। बीईओ स्कूलों का सतत निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें एवं नामांकन का लक्ष्य 30 जून से पूर्व सुनिश्चित किया जाए।
डीईओ ने स्पष्ट हिदायद दी है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण में यदि स्कूलों में प्रतिकूल स्थिति पाई जाती है तो इसके लिए संबंधित बीईओ व एईओ उत्तरदायी होंगे। बैठक के अंत में हाल ही में उमरिया जिला शिक्षा अधिकारी बनाई गई शिवपुरी एडीपीसी स्वीटी मंगल, उज्जैन डीपीसी बनाए गए कोलारस बीईओ राहुल भार्गव को सभी उपस्थित अधिकारियों ने शुभकामनाएं दीं।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।