शिवपुरी,लोधी हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, पिता समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

vikas
0
shivpuri-samachar

शिवपुरी।
भौंती थाना क्षेत्र के भयावन गांव में हुई सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज तीन दिन में सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि आरोपियों ने प्रभान सिंह लोधी को उनके ही घर से जबरन बाहर खींचा और फिर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से बेरहमी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। इस निर्मम वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश कर दिया। कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पत्नी की आंखों के सामने हुई थी वारदात

जानकारी के अनुसार, 16 जून 2026 को भयावन मजरा पीपरवाला निवासी मीना लोधी ने भौंती थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच कुछ लोग उनके पति प्रभान सिंह लोधी को घर के अंदर से जबरन खींचकर बाहर ले गए। आरोप है कि इसके बाद सभी ने एक राय होकर प्रभान सिंह पर लाठी, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। लगातार की गई मारपीट से प्रभान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

हत्या का मामला दर्ज कर शुरू हुई तलाश

फरियादिया की शिकायत पर भौंती थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध क्रमांक 196/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा की निगरानी में विशेष टीम गठित की गई। टीम का नेतृत्व भौंती थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम गोयल ने किया।

पुलिस की दबिश, तीन आरोपी गिरफ्तार

लगातार तलाश और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने 19 जून को हत्या के मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में देवेन्द्र पाल (25 वर्ष) राजकुमार उर्फ राजू पाल (23 वर्ष) रामनिवास पाल (46 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी भयावन मजरा भोड़न, थाना भौंती के निवासी बताए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया, जहां से आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस हत्याकांड के खुलासे में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम गोयल के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सउनि संजय भगत, सउनि मुनेन्द्र सिंह भदौरिया, प्रधान आरक्षक प्रदीप गुर्जर, अभयराज सिंह, प्रहलाद यादव, मृत्युंजय सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों और सैनिक निकिल का विशेष योगदान रहा।

तीन दिन में खुला हत्याकांड

दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था। पुलिस पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दबाव भी था। ऐसे में महज तीन दिन के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने न केवल मामले का खुलासा किया, बल्कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर लोगों का भरोसा भी मजबूत किया है। अब पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। 

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!