पिछोर। शिवपुरी जिले के पिछोर नगर में शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने बस स्टैंड और छत्रसाल बाजार क्षेत्र में ताबड़तोड़ चोरी की वारदातों को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाए जाने से व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। बदमाश न सिर्फ दुकानों के ताले तोड़कर अंदर घुसे, बल्कि सबूत मिटाने के इरादे से सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
Reign of Terror by Thieves in Pichhore: Three Shops Burglarized in a Single Night
प्राप्त जानकारी के अनुसार छत्रसाल बाजार स्थित दुकान संचालक नरेंद्र गुप्ता को रविवार सुबह पड़ोसी द्वारा सूचना दी गई कि उनकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे और एलईडी तोड़े जा चुके थे। गल्ले से करीब 2 से 3 हजार रुपए नकद गायब थे।
इसी क्रम में पास ही स्थित शौकत की फल दुकान को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां से करीब 5 से 6 हजार रुपए नकद के साथ-साथ फल भी चोरी कर लिए गए। वहीं दानिश कुरैशी की दुकान के ताले भी टूटे पाए गए, जिससे यह साफ है कि चोरों ने योजनाबद्ध तरीके से एक के बाद एक दुकानों को निशाना बनाया।
बस स्टैंड क्षेत्र में कुल तीन दुकानों में चोरी की पुष्टि हुई है, जबकि राधे सेल्स एजेंसी का शटर तोड़ने का प्रयास भी किया गया, हालांकि चोर इसमें सफल नहीं हो सके। इस पूरी घटना से यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों का गिरोह सक्रिय है, जो लगातार बाजार क्षेत्र को निशाना बना रहा है।
घटना के बाद रविवार को नाराज व्यापारी एकजुट होकर थाने पहुंचे और थाना प्रभारी नीतू सिंह को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि आठ दिनों के भीतर चोरों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
व्यापारियों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि नियमित गश्त के बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
थाना प्रभारी नीतू सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि पुलिस जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी और ऐसी घटनाओं पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी।
%20(4)%20(3).webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।