नरेन्द्र सिंह तोमर ने श्योपुरा औद्योगिक क्षेत्र का किया भूमिपूजन

करैरा। केंद्रीय ग्रामीण विकास, पंचायती राज एवं खान मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि करैरा तहसील के ग्राम श्योपुरा में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित होना करैरा क्षेत्र के लिए शुभ संकेत है। इस औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाईयों के माध्यम से क्षेत्र के 5 हजार शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार प्राप्त होगा और स्थानीय कृषकों एवं व्यापारियों को भी उत्पादों का वाजिब दाम प्राप्त होंगे। 

केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर आज शिवपुरी जिले की करैरा तहसील के ग्राम श्योपुरा में व्यापार एवं उद्योग विभाग द्वारा पांच हेक्टेयर क्षेत्र में स्थापित किए गए औद्योगिक क्षेत्र के शिलान्यास कार्यक्रम में व्यक्त किए। श्री तोमर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि करैरा में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की लम्बे समय से चली आ रही मांग आज पूर्ण हो गई है। जिसका शिलान्यास होकर शीघ्र ही कार्य पूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि इस औद्योगिक क्षेत्र के स्थापित होने से क्षेत्र के 5 हजार शिक्षित बेरोजगारों को स्थानीय स्तर पर ही रोजगार प्राप्त होगा। 

श्री तोमर ने कहा कि भारत की अधिकांश आबादी गांव में निवास करती है। जिसके जीविका उर्पाजन का साधन कृषि है, लेकिन सभी शिक्षित बेरोजगारों को सरकारी नौकरी देना संभव नहीं है। ऐसी स्थिति में शासन की विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं एवं उद्योगधंधों के माध्यम से शिक्षित बरोजगारों को रोजगार मुहैया कराना है। उन्होंने कहा कि किसान की कृषि उत्पाद का सही दाम मिलें एवं व्यापारी को भी नुकसान न हो। इसके लिए वैल्यू एडिशन के माध्यम से जहां उत्पादन में 4 गुना वृद्धि होगी। 50 गुना अधिक दाम मिलेंगे और 10 गुना अधिक लोगों को रोजगार भी प्राप्त होगा।

उन्होंने करैरा क्षेत्र में उमदा किस्म की मूंगफली के उत्पादन का उल्लेख करते हुए कहा कि करैरा में औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने पर मूंगफली की प्रसंस्करण यूनिट के माध्यम से किसान व्यापारी की आमदनी में भी इजाफा होगा और बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। कार्यक्रम में व्यापार संघ के अध्यक्ष संजय पहारिया ने औद्योगिक क्षेत्र करैरा के संबंध में विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि आज औद्योगिक क्षेत्र क्षेत्रिय सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर के प्रयासों से मूर्त रूप ले रहा है, यह औद्योगिक क्षेत्र मील का पत्थर साबित होगा। श्री पहारिया ने केन्द्रीय मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया।

कार्यक्रम के शुरू में जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के प्रबंधक एल.एन.श्रीवास्तव ने औद्योगिक क्षेत्र के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह क्षेत्र 5 हेक्टेयर भूमि में स्थापित किया जा रहा है। जिसमें 4 ब्लॉक में 41 प्लॉट आवंटन हेतु बनाए गए है, कुल 41 प्लॉट का ऑनलाईन आवेदन शुरू हो गए है। जिसके लिए 52 आवेदकों के आवेदन प्राप्त हुए है। जिन्हें प्रथम आओं-प्रथम पाओं के आधार पर प्लॉट आवंटन की कार्यवाही की जाएगी। श्री श्रीवास्तव ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र के निर्माण एवं विकास की जिम्मेदारी औद्योगिक अद्योसंरचना विकस निगम ग्वालियर को दी गई है। जिसके द्वारा कार्य भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में विद्युतीकरण, सडक़ें, पानी की व्यवस्था एवं अन्य अद्योसंरचना के संबंध में भी जानकारी दी। 

कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं भाजपा के किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, पूर्व विधायक,ओमप्रकाश खटीक, देवेन्द्र जैन, वीरेन्द्र रघुवंशी,जनपद अध्यक्ष श्रीमती बती आदिवासी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी राजेश कुमार जैन, अनुविभागीय दण्डाधिकारी करैरा अंकित अस्थाना, अनुबिभागीय अधिकारी पुलिस बद्री प्रसाद तिवारी, सीईओ आर के गोस्वामी, संजय पहारिया डॉ नारायण दास खटीक सौनू खटीक सुभाष जाटव  जनप्रतितिनिधिगण एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।