दान देना भी बन सकता है नरक का कारण : साध्वी आभाश्रीजी

NEWS ROOM
0
शिवपुरी। दान  देने के पीछे मन में यदि शुभ भावना नहीं है और दान दूसरों की प्रशंसा और यश प्राप्ति के लिए किया जा रहा है तो दान देना नरक का कारण भी बन सकता है। उक्त बात पोषद भवन में प्रसिद्ध जैन संत श्री सुमति प्रकाश जी महाराज की सुशिष्या साध्वी आभाश्रीजी ने पोषद  भवन में आयोजित धर्मसभा में कही। उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण नहीं है कि दान एक रूपए का दिया जा रहा  है या एक करोड़ का। महत्वपूर्ण यह है कि उस दान देने के पीछे आपकी भावना कैसी है। धर्मसभा में साध्वी विभाश्रीजी ने कहा कि जीवन को सुखमय बनाने के लिए अधर्म से अर्जित धन का उपयोग नहीं करना चाहिए। पोषद भवन में धर्मसभा में साध्वी आभाश्रीजी ने भगवान महावीर की वाणी का जिक्र करते हुए कहा कि दान, शील और तप तथा शुद्ध भावना मोक्ष के आयाम है। इन्हें अपने जीवन में अंगीकार कर मोक्ष मार्ग पर अग्रसर हुआ जा सकता है। 

उन्होंने कहा कि दान से एक ओर जहां मोक्ष मार्ग प्रशस्त होता है वहीं दान से नरक के द्वार भी खुल सकते हैं। इस संदर्भ में उन्होंने जैन शास्त्र की एक कथा का बखान करते हुए कहा कि एक ब्राहमणी ने सब्जी बनाई और वह सब्जी कड़़वी हो गई तो उसने उस खराब सब्जी को मास खमण की तपस्या पूर्ण कर चुके साधु जी को अर्पित कर दी। 

उक्त संत ने सब्जी को इसलिए नहीं फेंका ताकि उसे  खाकर छोटे-छोटे जीव मर न जाएं और खुद ही सेवन कर जीवन का अंत कर लिया। जिसका परिणाम यह हुआ कि उक्त ब्राहमणी को नर्क मिला। वहीं एक बालक की कथा को सुनाते हुए साध्वीजी ने कहा कि उसने अपनी गरीब मां से जिद कर खीर बनवाई। खीर बनवाने के बाद मां पानी भरने चली गई। 

उसी दौरान एक संत वहां आए और उक्त बालक ने थाली में पड़ी खीर को लकड़ी फेरकर दो भागों में बांटा, लेकिन जैसे ही उसने खीर संत के पात्र में डाली पूरी की पूरी खीर पात्र में चली गई और उस बालक को कुछ नहीं मिला, लेकिन शुद्ध भावना से दिए गए दान से वह बालक मोक्ष का अधिकारी बना। 

कल मनाया जाएगा भगवान पाश्र्वनाथ का जन्म कल्याणक 
पोषद भवन में इन दिनों जैन साध्वियों के प्रवचन सुबह 9 से 10 बजे तक चल  रहे हैं। कल  12 दिसम्बर को सुबह 9 बजे पोषद भवन में स्व. वीरचंद्र जी कोचेटा की पुण्यतिथि के अवसर पर 9 से 9:30 बजे तक नवकार महामंत्र का पाठ होगा और इसके बाद जैन साध्वियों के प्रवचन होंगे। सुबह 10 बजे से भगवान पाश्र्वनाथ जी के जन्मकल्याणक के अवसर पर नरेंद्र कुमार तेजमल सांखला परिवार की ओर से श्वेताम्बर पाश्र्वनाथ जैन मंदिर में पूजन का आयोजन किया गया है और दोपहर 2 बजे से दुर्गा टॉकीज के सामने सांखला परिवार द्वारा भंडारा वितरित किया जाएगा। 
Tags

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!