सपाक्स का न्याय दिवस: सरकार जातीय द्वेष को बढ़ाने वाले कदम उठा रही है

शिवपुरी। पदोन्नति में आरक्षण के विरोध को लेकर संघर्षरत सवर्ण, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक अधिकारी, कर्मचारी संस्था सपाक्स लगातार अपने आंदोलन को तेज कर रही है। इसी क्रम में रविवार की शाम सपाक्स ने माधवचौक चौराहे पर न्याय दिवस मनाया।  एक साल पहले इसी दिन जबलपुर हाईकोर्ट ने पदोन्नति में आरक्षण को समाप्त करने का फैसला सुनाया था। 

न्यायालय के फैसले के बावजूद सरकार इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट चली गई, जहां वर्तमान में सुनवाई जारी है। न्याय दिवस के मौके पर बड़ी संख्या में सपाक्स व सपाक्स समाज के लोग एकत्रित हुए। आमजन को अभियान से जोडऩे के लिए कार्यक्रम स्थल पर पदाधिकारियों ने उद्बोधन भी दिया। 

सपाक्स के जिलाध्यक्ष डॉ. कौशल गौतम ने कहा कि सपाक्स के हितों को अनदेखा कर एक वर्ग विशेष का पक्ष लेने की धृतराष्ट्र नीति आने वाले समय में प्रदेश सरकार को भारी पड़ेगी। कार्यक्रम को सपाक्स के नोडल अधिकारी ओपी पाण्डे, मनोज निगम, डॉ. संजय ऋषिश्वर ने भी संबोधित करते हुए जबलपुर हाईकोर्ट के फैसले को न्याय की जीत करार देते हुए इसे अभूतपूर्व फैसला बताया और उम्मीद जताई कि सुप्रीम कोर्ट से भी न्याय मिलेगा। 

कार्यक्रम में भोपाल से आए प्रांतीय प्रतिनिधि आरकेएस तोमर ने कहा कि सपाक्स समाज का मान भंग करना प्रदेश सरकार की तुच्छ सोच का परिणाम तथा जातीय द्वेष को बढ़ाने वाला कदम है। इसके अतिरिक्त  प्रमोद कटारे और राजेश सिंह चौहान, सपाक्स समाज के जिलाध्यक्ष सचिन शिवहरे जोली सहित सेवानिवृत्त डीएसपी रामराज सिंह तोमर ने भी संबोधित किया। 

मीडिया प्रभारी प्रदीप अवस्थी व बृजेन्द्र भार्गव ने सपाक्स के आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख रूप से सहायक जिला पेंशन अधिकारी ऐश्वर्य शर्मा, एसडीओ कृषि एबी शर्मा, श्रीप्रकाश पांडे, महेन्द्र तोमर, अमरकांत कोठारी, यादवेन्द्र चौधरी, महेश भार्गव, मनोज पाठक, मीडिया प्रभारी नीरज सरैया, संतोष जैन, नासिर खान, यशपाल जाट, स्नेह सिंह रघुवंशी, रामकृष्ण रघुवंशी, राघवेन्द्र रघुवंशी, दिलीप त्रिवेदी, महेन्द्र समाधिया, तनुजा गर्ग, विनोद जैन सहित सपाक्स समाज के बृजेश सिंह तोमर, नीरज सिंह तोमर, उपेन्द्र तोमर, संजय शर्मा और हरिशंकर दुबे सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।