मध्यप्रदेश पत्रकार संघ ने अनाथाश्रम में मनाया रक्षाबंधन, एसपी भी हुए शरीक

शिवपुरी। पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक गतिविधियों के लिए संकल्पित मप्र पत्रकार संघ ने रक्षाबंधन पर एक अनूठी पहल करते हुए शिवपुरी के पटेल नगर में स्थित अनाथाश्रम पहुंच बहिनों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। इस कार्यक्रम में जहां संघ से जुड़े सभी पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए वहीं कार्यक्रम में बतौर मु य अतिथि शिवपुरी के पुलिस कप्तान मो. युसुफ कुर्रेशी ने भी अपनी आमद दर्ज कराई। खास बात यह थी कि इसीदिन श्री कुर्रेशी का जन्मदिन होने से जन्मोत्सव भी अनाथाश्रम में ही बेसहारा बच्चों एवं पत्रकारों के बीच मनाया गया। 

मप्र पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष अशोक अग्रवाल के मन में ख्याल आया कि क्यों न रक्षाबंधन को यादगार बनाने के लिए इस वर्ष पत्रकारगण अनाथाश्रम में मौजूद बहिनों के साथ यह पर्व मनाएं। इस बात की चर्चा उन्होंने संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश सिंह तोमर से की और दोनों की सहमति बन जाने के बाद अपने साथियों को इस कार्यक्रम की सूचना दी गई।

कार्यक्रम को गरिमामय बनाने के लिए शिवपुरी पुलिस कप्तान मो. युसुफ कुर्रेशी को बतौर मु य अतिथि आमंत्रित किया गया जिन्होंने इस अनूठी पहल का स्वागत करते हुए कार्यक्रम में आने की सहमति दे दी। रक्षाबंधन के दिन निर्धारित चार बजे सभी पत्रकारगण एवं स्वयं पुलिस कप्तान श्री कुर्रेशी अनाथाश्रम पहुंचे और यह देखकर आश्चर्यचकित रह गए कि यहां मौजूद अनाथाश्रम के बच्चों ने यह जानकारी मिलने पर कि आज पुलिस कप्तान का जन्मदिन भी है सबसे पहले उनका जन्मदिन मनाया। 

इस आयोजन के लिए न सिर्फ बच्चे केक लाए थे, बल्कि उन्होंने अपने हाथों से एक सुंदर शुभकामना संदेश भी बनाया था जो उन्होंने पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए उन्हें बधाई दी। बच्चे के इस प्रेम को देखकर स्वयं पुलिस कप्तान मंत्रमुग्ध हो गए। तदुपरांत रक्षाबंधन पर्व मनाते हुए सभी पत्रकारों एवं स्वयं पुलिस कप्तान ने आश्रम में मौजूद बच्चियों से राखी बंधवाई और उन्हें यथासंभव उपहार दिए। पुलिस कप्तान ने इस मौके पर आश्रम की बहिनों को घेबर भी खिलाया। पुलिस कप्तान मो. युसुफ कुर्रेशी ने इस अनूठी पहल के लिए मप्र पत्रकार संघ का आभार भी ज्ञापित किया। 

कार्यक्रम में पुलिस कप्तान मो. युसुफ कुर्रेशी के अलावा मप्र पत्रकार संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश सिंह तोमर, संभागीय उपाध्यक्ष केके दुबे, संभागीय सचिव नीरज श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष राशिद खान, इस्लाम शाह, ललित मुदगल, विजय शर्मा, रोहित मिश्रा, दीपक अग्रवाल, सतेन्द्र उपाध्याय, नेपाल बघेल, राहुल अष्ठाना, संजीव बांझल, दुर्गेश गुप्ता, संजय आजाद, मनीष भारद्वाज सहित तमाम पत्रकारगण एवं भाजपा से जुड़ी युवा नेत्री पूनम पुरोहित शामिल थीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर शकुन्तला परमार्थ समिति की शैला अग्रवाल ने सभी का आभार ज्ञापित किया।