शहर में 89 पोलिंग बूथों पर मिली यशोधरा को विजय जबकि 19 पर पराजय

शिवपुरी। शहरी क्षेत्र के 108 पोलिंग बूथों में से भाजपा प्रत्याशी यशोधरा राजे सिंधिया को 89 पोलिंग बूथों पर बढ़त हासिल हुई जबकि 19 पोलिंग बूथों पर उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी बीरेन्द्र रघुवंशी से पीछे रहना पड़ा। हालांकि कुल मिलाकर यशोधरा राजे सिंधिया 43096 मत प्राप्त कर 13923 मतों की कांग्रेस प्रत्याशी बीरेन्द्र रघुवंशी पर बढ़त बनाई जो कि भरपूर प्रयास के बावजूद भी शहर में कुल 29173 मत ही बटोर सके।

इसके बाद भी यशोधरा राजे सिंधिया को जिन पोलिंग बूथों पर पराजय हासिल हुई उनमें पार्टी के कई पार्षद शामिल हैं। 19 पोलिंग बूथों में यशोधरा राजे को सर्वाधिक पराजय वार्ड क्रमांक 24 के पार्षद बलवीर सिंह यादव के पोलिंग बूथ 77 पर मिली। जहां वह बीरेन्द्र रघुवंशी से 421 मतों से पीछे रहीं। खास बात यह भी रही कि वार्ड क्रमांक  21 के भाजपा पार्षद राजू गुर्जर के दो पोलिंग बूथों क्रमांक 68 और 69 पर कुल मिलाकर 278 मतों से यशोधरा राजे पिछड़ गईं। 

उनके पिछडऩे वाले पोलिंग बूथ भाजपा पार्षद सरोज भार्गव, रहीस खान बबलू, राजू गुर्जर, बलवीर यादव, नीरज बेडिया, अजय भार्गव, शकुंतला सुजान भदौरिया, रामबाई खटीक, इंद्राबाई राठौर, भानू और अष्ठाना के वार्ड के हिस्से हैं। हालांकि इनमें से कई भाजपा पार्षदों के वार्डों में कुल मिलाकर यशोधरा राजे सिंधिया को विजयश्री हासिल हुई है। जिन भाजपा पार्षदों के सभी पोलिंग बूथों पर यशोधरा राजे सिंधिया को विजयश्री हासिल हुई वे हैं श्रीमती सावित्री यादव, मनीष गर्ग मंजू, रत्नेश जैन डिंपल, मीना बाथम, पंकज महाराज भोपाल सिंह दांगी आदि शामिल हैं।

माखनलाल, धर्मवीर, जण्डेल सिंह, नवाब सिंह, लोकपाल के क्षेत्र से पीछे रहीं यशोधरा राजे

ग्रामीण क्षेत्रों में यशोधवरा राजे ङ्क्षसधिया बीरेन्द्र रघुवंशी से लगभग तीन हजार मतों से पीछे रहीं। खास बात यह रही कि ग्रामीण क्षेत्रों में यशोधरा राजे सिंधिया को विधायक माखनलाल राठौर, जिलामंत्री धर्मवीर रावत, जिपं उपाध्यक्ष जण्डेल सिंह गुर्जर, नवाब सिंह कुशवाह, लोकपाल लोधी आदि के ग्रामों में कांग्रेस प्रत्याशी की तुलना में अपेक्षाकृत कम मत मिले। जबकि पोहरी विधायक प्रहलाद भारती के गांव पिपरसमां से यशोधरा राजे सिंधिया को अच्छी खासी बढ़त मिली। शिवपुरी ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम सतेरिया के मूलनिवासी माखनलाल राठौर और धर्मवीर रावत के प्रभाव के बावजूद इस मतदान केन्द्र से कांग्रेस प्रत्याशी वीरेन्द्र रघुवंशी को जहां 464 मत प्राप्त हुए वहीं यशोधरा राजे सिंधिया को 342 मतों पर ही संतोष करना पड़ा। लेकिन विधायक भारती के गांव पिपरसमां में यशोधरा राजे सिंधिया को लगभग 340 मतों की बढ़त मिली। यहां वीरेन्द्र रघुवंशी को 231 और यशोधरा राजे सिंधिया को 570 मत मिले। जण्डेल सिंह गुर्जर के गांव लखनगवां में यशोधरा राजे सिंधिया को 213 मत मिले जबकि वीरेन्द्र रघुवंशी को 281 मत प्राप्त हुए। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश शर्मा के गांव डबिया से वीरेन्द्र रघुवंशी को 354 और यशोधरा राजे सिंधिया को 253 मत मिले और उन्हें 91 मतों से हार का सामना करना पड़ा। पूर्व मंडी अध्यक्ष जानकीलाल के गांव गढ़ीबरौद में वीरेन्द्र रघुवंशी को 448 मत मिले जबकि यशोधरा राजे के खाते में महज 284 मत ही आए। भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवाब सिंह कुशवाह के गांव अर्जुनगवां में भी भाजपा को दुर्गति का शिकार होना पड़ा। यहां वीरेन्द्र को 263 मत मिले जबकि यशोधरा राजे सिर्फ 261 मत प्राप्त हुए। 

4 पर जीत, 1 पर हार: अभिषेक शर्मा

भाजपा के नगर मंत्री अभिषेक शर्मा पोलिंग बूथ क्रमांक 71, 72, 73, 82 और 83 के पालक होने के नाते प्रभारी थे। उनके प्रभाव वाली पांच पोलिंगों में से 4 पोलिंगों पर यशोधरा राजे सिंधिया को बढ़त मिली है। जबकि एक पोलिंग पर वह बीरेन्द्र रघुवंशी से पीछे रहीं। पोलिंग बूथ क्रमांक 72 पर यशोधरा राजे सिंधिया को जहां 237 मत मिले वहीं बीरेन्द्र रघुवंशी ने 522 मत बटोरकर 285 मतों की बढ़त प्राप्त की। अभिषेक शर्मा के अनुसार यह पोलिंग मुस्लिम बाहुल्य थी। जबकि पोलिंग क्रमांक 71, 73, 82 और 83 में कुल मिलाकर भाजपा की बढ़त 779 मतों की रही। इस तरह से भाजपा ने उनके प्रभाव वाली पोलिंग पर 494 मतों की बढ़त प्राप्त की।