नया प्रदेशाध्यक्ष ही नए जिलाध्यक्ष के नाम पर लगाएगा मोहर

शिवपुरी-शिवपुरी का भाजपा जिलाध्यक्ष कौन होगा? इसकी तस्वीर 16 दिसम्बर के बाद  तय होगी। कारण यह है कि  मध्यप्रदेश भाजपा के नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा हो चुकी है जिसमें 15 व 16 दिसम्बर को प्रदेशाध्यक्ष का चुनाव होगा और नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के बाद ही शिवपुरी सहित 12 जिलों के जिलाध्यक्षों के नाम की घोषणा की जाएगी।

भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि भोपाल में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नाम के बाद ही यह निर्भर होगा कि शिवपुरी की भाजपा का नया जिलाध्यक्ष कौन होगा? पार्टी सूत्र बताते हैं कि 15 व 16 दिसम्बर को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के बाद राज्य के जिन जिलों में भाजपा जिलाध्यक्षों के चुनाव नहीं हो पाए है या उनके नाम की घोषणा नहीं हो पाई है वह प्रक्रिया प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव के बाद ही संपन्न होगी।
 
सूत्र बताते हैं कि 15 व 16 दिसम्बर को भोपाल में पार्टी के वरिष्ठ  नेता रविशंकर प्रसाद चुनाव पर्यवेक्षक बनकर मप्र में आ रहे हैं और यहां पर पार्टी के नए प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव प्रक्रिया को अंजाम देंगे। प्रदेशाध्यक्ष की दौड़ में वर्तमान अध्यक्ष प्रभात झा सहित  आधा दर्जन और भी अन्य भाजपा नेता इस दौड़ में शामिल है मगर राजनैतिक सूत्र बताते हैं कि प्रभात झा प्रदेशाध्यक्ष के पद पर पुन: रिपीट होंगें। बहुत ज्यादा कुछ परिवर्तन होने के आसार प्रदेशाध्यक्ष के चुनाव में अभी नजर नहीं आ रहे है। संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सुरेश सोनी का हाथ प्रभात झा के साथ होने के कारण मध्यप्रदेश अध्यक्ष पद पर उनकी ताजपोशी निश्चित मानी जा रही है। 15 व 16 को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषणा हो जाएगी और उसके बाद ही राज्य के शेष जिलों में यहां जिलाध्यक्ष घोषित नहीं हो पाए है वहंा उनकी घोषण होगी।
 

समीकरण रणवीर के पक्ष में


भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि जिस प्रकार से अभी समीकरण चल रहे है उसमें प्रभात झा के पुन: प्रदेशाध्यक्ष बनने की संभावनाऐं अधिक है और यह समीकरण शिवपुरी भाजपा जिलाध्यक्ष पद की दौड़ में चल रहे रणवीर रावत के पक्ष में है। पिछले महीने शिवपुरी जिलाध्यक्ष के नाम की रायशुमारी के दौरान रणवीर रावत का नाम लगभग फायनल हो गया था। चुनाव अधिकारी मधु वर्मा रणवीर रावत का नाम घोषित करने ही वाले थे मगर यशोधरा राजे सिंधिया ने देवेन्द्र जैन के साथ मिलकर रणवीर के नाम पर असहमति दर्ज करा दी और जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा लटक गई लेकिन अब 15 व 16 दिसम्बर को नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषणा हो जाएगी। प्रभात झा पुन: रिपीट हुए तो रणवीर रावत के शिवपुरी जिलाध्यक्ष बनने की संभावनाऐं अधिक रहेंगी।
 

गुटबाजी बढऩे के आसार


प्रदेशाध्यक्ष के लिए प्रभात झा का नाम फायनल बताया जा रहा है। प्रभात झा की पुन: ताजपोशी के बाद ग्वालियर संभाग की राजनीति में भाजपा में नए तरीके से गुटीय राजनीति बढऩे के आसार नजर आने लगे है। प्रभात झा की जिस प्रकार से ग्वालियर सांसद यशोधरा राजे सिंधिया से मनमुटाव हुआ है। वह आने वाले समय में पार्टी में खेमेबाजी को और बढ़ाएगा। जिस प्रकार से यशोधरा राजे ने प्रभात झा व नरेन्द्र सिंह तोमर के समर्थक रणवीर रावत की शिवपुरी जिलाध्यक्ष के लिए ताजपोशी में अड़ंगे लगाए उससे तो भविष्य में गुटबाजी बढऩे के आसार अधिक दिखाई दे रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि यदि प्रभात झा पुन: रिपीट हुए तो शिवपुरी में झा और तोमर समर्थकों के एक बार फिर पावर फुल होने की संभावना है। यशोधरा समर्थक नेता पुन: हाशिए पर चले जाऐंगें और संगठन में सक्रिय रहकर काम करने वाले नेताओं की पूछपरख ज्यादा रहेगी और इससे गुटबाजी चरम पर होगी।