करैरा। कृषि उपज मण्डी करैरा में वार्ड सुनारी से चुनाव लडऩे वाली एक महिला रजकू पाल पत्नि बालू पाल ने आज निर्वाचन अधिकारी को शिकायत की कि कुछ लोगों ने कल रात घर में जब वह अकेली थी तो उससे नामांकन वापिसी के फॉर्म पर अंगूठा लगवा लिया और उसे धौंस दी कि यदि वह पर्चा नहीं खींचेगी तो वह इस नामांकन वापिसी के फॉर्म को खुद निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर देंगे।
बाद में पत्रकारों से चर्चा करते हुए उक्त महिला और उसके पति ने एक पूर्व जनपद अध्यक्ष और ग्राम पंचायत के एक सचिव पर उक्त आरोप लगाया तथा कार्रवाई की मांग की। उक्त महिला ने आवेदन में कहा कि उसने नामांकन फॉर्म नहीं खींचा है तथा वह चुनाव लड़ रही है।
आवेदन पेश कर रजकू पाल ने बताया है कि उसने सुनारी वार्ड से चुनाव लडऩे हेतु फार्म भरा था, लेकिन 30 नवंबर को कुछ प्रभावशाली लोग घर में आए और उन्होंने उसे धौंस देकर कुछ कागजों पर अंगूठा लगवा लिया। महिला ने कहा कि वह इसलिए चुप रही क्योंकि घर में कोई नहीं था। लेकिन आज तहसील कार्यालय आकर रजकू पाल ने स्पष्ट किया कि वह चुनाव मैदान में है और जब तक वह खुद आकर फॉर्म न खींचे उसका नाम न हटाया जाए।
विदित हो कि कृषि उपज मण्डी करैरा का सुनारी वार्ड क्रमांक 2 है। यह पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित है और कृषि उपज मण्डी का अध्यक्ष पद भी पिछड़े वर्ग की महिला के लिए आरक्षित है। यहां से भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत की पत्नि उर्मिला रावत भी चुनाव लड़ रही हैं। अन्य चुनाव लडऩे वाली महिलाएं हैं ममता पत्नि महेन्द्र सिंह रावत, मालती पत्नि गौरीशंकर रावत, मुन्नी पत्नि हुकुम सिंह रावत, पिंचो पत्नि रघुवीर रावत, पिया पत्नि धनीराम रावत और रजकू पाल पत्नि बालू पाल।
स्पष्ट है कि रजकू पाल के अलावा अन्य सभी उम्मीदवार रावत जाति से हैं और इस वार्ड से जीतने वाली महिला का अध्यक्ष बनना तय है। इसी कारण यहां इतनी ज्यादा जोर आजमाईश हो रही है।