शिवपुरी। फिजीकल पुलिस चौकी के तहत आज सुबह सईसपुरा में गैस सिलेण्डर फटने से एक महिला नारायणी खटीक बुरी तरह झुलस गई और उसे बचाने जब पड़ौसी दिनेश खटीक आया तो वह भी गंभीर रूप से जल गया। आग लगने से घर का सारा सामान भी जलकर राख हो गया। मोहल्लेवालों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। घायल महिला नारायणी पूर्व पार्षद बाबूलाल खटीक की पत्नी है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कल ही नारायणी खटीक के यहां गैस सिलेण्डर आया था। बताया जाता है कि गैस सिलेण्डर में लीकेज था और उसमें गैस निकल रही थी जिस ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया। आज सुबह नारायणी ने जैसे ही गैस खोलकर तीली जलाई वैसे ही गैस सिलेण्डर में आग लग गई और वह तेज आवाज के साथ फट गया।
महिला आग में झुलसने लगी और घर का सामान जलने लगा तब पड़ौसी दिनेश खटीक ने महिला को बचाने का प्रयास किया तो वह भी जल गया। इसके बाद पड़ौसियों ने किसी तरह पानी डालकर आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से जली नारायणी खटीक और दिनेश खटीक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।