शिवपुरी। बारिश के दिनों में जब शहर की सड़कें तालाब बन जाती हैं, तो प्रशासन नालों पर अतिक्रमण का रोना रोता है, लेकिन जब अतिक्रमण हटाने की बारी आती है तो सिस्टम के हाथ-पांव फूल जाते हैं। शिवपुरी नगर पालिका में लापरवाही का आलम यह है कि अब खुद जनप्रतिनिधियों की लिखित शिकायतों को भी रद्दी की टोकरी में डाला जा रहा है।
वार्ड 17 के पार्षद राजा यादव द्वारा कमलागंज रोड पर नाले और शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत किए एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है। हैरानी की बात यह है कि नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंचा तो जरूर, लेकिन बिना कोई कार्रवाई किए खाली हाथ लौट आया। अब सवाल यह हैं कि आखिर किसके इशारे पर अतिक्रमणकारियों को अभयदान दिया जा रहा है?
वार्ड 17 के पार्षद राजा यादव ने एक महीने पहले नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी को लिखित में शिकायत दी है। शिकायत में साफ लिखा है कि, कमलागंज रोड पर पुल के पास शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कर नाली पर कब्जा कर लिया गया है। पार्षद ने मांग की है कि, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर जमीन कब्जा मुक्त कराई जाए। यह शिकायत कोई मौखिक आरोप नहीं थी। पार्षद के लेटरहेड पर लिखी गई, नगर पालिका में प्राप्ति क्रमांक 478 पर शिकायत दर्ज है।
यानी सिस्टम में सब कुछ दर्ज है। इसके बाद जो हुआ, उसने ही सबसे बड़ा सवाल खड़ा कर दिया। बताया जा रहा है कि नगर पालिका का अतिक्रमण अमला मौके पर पहुंचा भी, लेकिन कार्रवाई किए बिना ही वापस लौट आया। न नाले से कब्जा हटा, न अवैध निर्माण पर हथौड़ा चला। अब वार्ड में यही चर्चा है कि, जब शिकायत भी है, संज्ञान भी है, अमला भी मौके पर पहुंच गया, तो फिर कार्रवाई किसके इशारे पर रुकी? वार्ड के लोग इस घटना को सिर्फ एक नाले के अतिक्रमण के रूप में नहीं देख रहे। उनका सवाल है कि अगर आज एक जगह नाले पर कब्जा होने दिया गया, तो कल पूरे शहर में यही परंपरा बन जाएगी।
मुझे शिकायत किए हुए
एक महीने से ज्यादा समय बीत चुका है। नपा के अधिकारी कर्मचारी कई बार जाकर देख कर आ चुके हैं। मैं तीन-चार बार अतिक्रमण प्रभारी से बात भी कर चुका हूं, परंतु हर बार सिर्फ यही जबाब दिया जाता है कि, हम कुछ करते हैं, परंतु अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
राजा यादव पार्षद, वार्ड-17
नोटिस जारी करवा दिए हैं
हमने अतिक्रामकों को नोटिस जारी करवा दिए हैं। जल्द ही वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अशोक खरे, अतिक्रमण प्रभारी.
.webp)
प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।