शिवपुरी। शिवपुरी सिटी कोतवाली सीमा मे स्थित पोहरी रोड प्राइवेट बस स्टेंड के यात्री प्रतीक्षालय की छत पर एक युवक की सडी गली लाश मिली है। मृतक युवक की पहचान झांसी रोड (रेंज ऑफिस के पास) निवासी टैक्सी ड्राइवर गोलू उर्फ अशोक रजक के रूप में हुई है, जो बीते 21 जून से रहस्यमयी ढंग से लापता था। शव मिलने के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की परतें खोलने में जुट गई है।
चौराहे पर लावारिस मिली थी टैक्सी, तलाशती रहीं पत्नी की आंखें
मृतक की पत्नी मोहनी रजक ने बताया कि गोलू 21 जून की सुबह रोज की तरह अपनी टैक्सी लेकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। उसी शाम उसकी टैक्सी नीलगर चौराहे पर लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। अनहोनी की आशंका के चलते पत्नी ने देहात थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और वह लगातार पुलिस के चक्कर काट रही थी। लेकिन पांचवें दिन पति तो नही मिला लेकिन उसकी मौत की खबर मिल गई।
दो स्मैकियों पर हत्या का शक, आखिरी बार दिखे थे साथ
इस पूरी मिस्ट्री में अब अपनों का शक दो दोस्तों पर गहराया है। पत्नी मोहनी रजक ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि गोलू को आखिरी बार कल्लू खटीक और भैयालाल खटीक नाम के दो युवकों के साथ देखा गया था। मोहनी के मुताबिक, ये दोनों युवक स्मैक के नशे के आदी हैं। पत्नी ने इन्हीं दोनों पर पति को मौत के घाट उतारने का संदेह जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई है।
स्मैक का हाई डोज या कोई साजिश? पुलिस के सामने उलझी गुत्थी
शुरुआती पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि मृतक गोलू खुद भी नशे की गिरफ्त में था। पुलिस अब इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री या संदेहास्पद मौत की जांच कई एंगल से कर रही है। क्या गोलू की मौत स्मैक के हाई डोज और अत्यधिक शराब के सेवन से हुई है, या फिर उसे किसी बड़ी साजिश के तहत मौत के मुंह में धकेला गया है?
पुलिस का कहना है
शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मौत की असल वजह और समय का सटीक खुलासा पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। परिजनों के बयानों और संदेहियों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।