व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए जिला स्तरीय समिति का गठन होगा: राज्यमंत्री गुप्ता

NEWS ROOM
0
शिवपुरी।  म.प्र.व्यापार संवर्धन बोर्ड भोपाल के अध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा) मदनमोहन गुप्ता ने कहा कि शिवपुरी जिले में व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु 11 सदस्यीय समिति का गठन कलेक्टर की अध्यक्षता में किया जाएगा। जिसमें पुलिस अधीक्षक और चार उपाध्यक्ष एवं चार महामंत्री रहेंगे। इस समिति में सभी वर्गों के व्यापारियों को शामिल किया जाएगा। समिति की बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में तीन माह में होगी। इस बैठक में समिति के सदस्य व्यापारी बंधुओं से जुड़ी हुई समस्याए मौखिक एवं लिखित रूप में दर्ज करा सकेंगे। बोर्ड के अनुमोदन उपरांत निराकरण की कार्यवाही जिला एवं प्रदेश स्तर पर की जाएगी।

मदनमोहन गुप्ता ने उक्त आशय की जानकारी आज व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के संबंध में आयोजित बैठक में दी। जिलाधीश कार्यालय के सभाकक्ष में सपन्न हुई बैठक में कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता सहित जिले के व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
श्री गुप्ता ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापार को संरक्षण एवं संवर्धन दिए बिना किसी भी देश, प्रदेश एवं समाज का विकास संभव नहीं है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने व्यापार क्षेत्र की चिंता कर प्रदेश में मध्यप्रदेश व्यापार संवर्धन बोर्ड का भी गठन किया गया है। जिससे व्यापारियों की समस्याओं का निराकरण किया जा सके। उन्होंने कहा कि वे बोर्ड के अध्यक्ष के नाते व्यापारियों की समस्याओं को जानने एवं उनका निराकरण कैसे किया जाए, इसके लिए प्रदेश के सभी 51 जिलों का दौरा कर उनकी समस्याओं को समझकर निराकरण की पहल की जा रही है। 

श्री गुप्ता ने कहा कि जुलाई माह में व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु मुख्यमंत्री निवास भोपाल में वृहद व्यापारी महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। जिससे व्यापारियों के व्यवसाय को संरक्षण देने के साथ-साथ उनके कल्याण के संबंध में भी चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग, वन आदि नीति होने के बावजूद अभी तक व्यापार नीति नहीं बनी है, जिस पर भी चर्चा की जाएगी। 

श्री गुप्ता ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के कल्याण के लिए संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं की भी जानकारी प्रदाय करते हुए कहा कि योजनाओं का क्रियान्वयन एवं जमीन पर उतारने का कार्य प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रदेश में बेहतर तरीके से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण हेतु ट्रिवूनल गठन करने पर भी विचार किया जा रहा है। जिसमें व्यापारी अपनी समस्याओं को रख सकेंगे। 

जीएसटी भरने हेतु 500 युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा
उन्होंने बताया कि व्यापारियों को जीएसटी भरने में किसी प्रकार की परेशानी न आए, इसके लिए शिवपुरी जिले में 500 युवा एवं युवतियों को प्रशिक्षित कर साइबर कैफे के माध्यम से यह सुविधा व्यापारियों को उपलब्ध कराई जाएगी। इससे युवा-युवतियों को स्थानीय स्तर पर रोजगार प्राप्त होगा, वहीं व्यापारियों को भी जीएसटी भरने में आसानी होगी। बोर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार व्यापारियों के लिए दुर्घटना बीमा योजना शुरू करने पर भी विचार कर रही है।

राज्य सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश में व्यापार के लिए बेहतर वातावरण निर्मित हुआ है। जिसका लाभ व्यापारियों को मिल रहा है। आने वाले समय में प्रदेश में व्यापार की एक नई कहानी लिखी जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारियो के सहयोग एवं राज्य सरकार की योजनाओं के कारण कृषि के साथ प्रदेश को व्यापार के क्षेत्र में अग्रणीय राज्य बनाया जाएगा। बैठक में कलेक्टर श्रीमती शिल्पा गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार के दिशा निर्देशों के अनुरूप जिले में व्यापारियों को व्यापार के लिए बेहतर वातावरण मिले। इसके प्रयास किए जाएगे। बैठक में उपस्थित व्यापारियों ने भी अपने-अपने सुझाव एवं समस्याएं रखी। 
Tags

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!