यशोधरा समर्थक आनंद जैन का भाई करोड़ों की ठगी कर फरार, दर्ज हुई एफआईआर

0
शिवपुरी। सिटी कोतवाली में मंत्री यशोधरा राजे सिंधियास समर्थक आनंद जैन के भाई विनोद जैन एवं उनके परिवार के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। करीब 11 व्यापारियों ने विनोद के खिलाफ शिकायत की है। बताया जा रहा है कि विनोद ने शिवपुरी के कई व्यापारियों को करोड़ों का चूना लगाया और फरार हो गया। उसे राजनैतिक संरक्षण के अलावा यूपी पुलिस का संरक्षण भी प्राप्त है। सूत्रों का दावा है कि फिलहाल वो बनारस में यूपी पुलिस के एक अधिकारी के यहां छुपा हुआ है। बढ़ते दवाब के कारण पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया परंतु गिरफ्तारी के प्रयास अभी तक शुरू नहीं किए गए हैं। 
टीआई संजय मिश्रा ने बताया कि रजनी पत्नी हरीशंकर गोयल की शिकायत पर मीना पत्नी विनोद जैन, ज्योति पत्नी अनिल गुप्ता, विनोद पुत्र भगवती जैन, कपिल पुत्र मोहन गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इन आरोपियों के द्वारा जमीन के नाम पर धोखाधड़ी कर करा़ेडों रुपए का चूना व्यापारियों को लगाया था। जिसके बाद व्यापारियों ने इसकी शिकायत एसपी सुनील पांडे सहित एएसपी कमल मौर्य को की थी। इसके बाद शनिवार की शाम कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। 

अन्य व्यापारी भी आए सामने
भाजपा नेता आनंद जैन के भाई विनोद जैन द्वारा की गई ठगी के शिकार करीब 11 लोगों ने नामजद शिकायत की थी। जिसके बाद अन्य व्यापारी भी सामने आए हैं। जिनसे जमीन के नाम पर ठगी की गई हैं। उनमें पेट्रोल पंप व्यवसायी मनोज अरोरा से 70 लाख, अजीत जैन 50 लाख, कंषाना बंधुओं से 50 लाख, जयकुमार जैन से 50 लाख सहित कई अन्य व्यापारियों से जमीन के नाम पर पैसा उधार लिया और अब रफू चक्कर हो गया।

बनारस में किसी पुलिस अधिकारी के घर पर है विनोद
इधर ठगे गए व्यापारियों का कहना है कि विनोद के बारे में उन्हें पूरी पुख्ता जानकारी है विनोद बनारस में हैं और किसी पुलिस अधिकारी के घर पर रह रहा है। यह पुलिस अधिकारी विनोद के नजदीकी बताए जा रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस बनारस में छापामारी करे तो विनोद को गिरफ्तार किया जा सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि केस दर्ज हुआ है और विवेचना के दौरान सभी बिंदुओं पर पड़ताल की जाएगी।

अपनी बेटी को भी नहीं छोड़ा
ठगे गए व्यापारियों का कहना है कि विनोद ने अपनी बेटी जो कि पुणे में रहती है उसके नाम के चेक भी व्यापारियों को थमा दिए हैं। कई व्यापारियों ने चेक बाउंस कराकर लीगल नोटिस भी विनोद जैन सहित उसके परिजनों को भिजवाए हैं।

यशोधरा को भी लिखा पत्र
इधर ठगे गए व्यापारियों ने खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया को पत्र लिखकर भाजपा नेता आनंद जैन के ठग भाई विनोद जैन के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्र लिख दिया था और केस दर्ज कराने की मांग की थी। 

इनका कहना है
भाजपा नेता आनंद जैन के भाई विनोद जैन, उसकी पत्नी मीना जैन, ज्योति गुप्ता व कपिल गुप्ता के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
संजय मिश्रा, टीआई कोतवाली शिवपुरी।
Tags

Post a Comment

0Comments

Please Select Embedded Mode To show the Comment System.*

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!