
करीब 33 साल पहले ग्वालियर में नगरनिगम ने वाचनालय स्थापित करने की योजना बनाई थी। जिसमें लोगों को पत्र पत्रिकाएं पढ़ने को दी जानी थीं। कुछ वाचनालय बने, कुछ नहीं बने और वाचनालय के बजट का दुरुपयोग शुरू हो गया। वाचनालय के नाम पर आने वाले अखबार और मैग्जीन नगरनिगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के घर भेजे जाने लगे। समय के साथ इस लिस्ट में कुछ और पॉवरफुल नाम जुड़ते गए। बढ़ते बढ़ते यह 123 हो गए। आप जानकर चौंक जाएंगे कि कप्तान सिंह सोलंकी जो हरियाणा के राज्यपाल हैं, ग्वालियर में सिर्फ उनका परिवार रहता है, के लिए भी हर रोज दर्जनभर से ज्यादा अखबार भेजे जाते हैं।
इन माननीयों के घर जाते हैं मु्फ्त के अखबार
- केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर (मुरार व 29 नंबर बंगला रेसकोर्स रोड दोनों स्थानों पर),
- हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी,
- खेल मंत्री यशोधरा राजे,
- उच्चशिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया,
- मुरैना सांसद अनूप मिश्रा,
- राज्यसभा सांसद प्रभात झा,
- मंत्री लाल सिंह आर्य,
- विधायक भारत सिंह कुशवाह,
- विधायक लाखन सिंह,
- विधायक नारायण सिंह कुशवाह,
- मप्र सफाई आयोग सदस्य अशोक बाल्मीक,
- महापौर विवेक नारायण शेजवलकर के नईसड़क स्थित आवास,
- पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता,
- पूर्व विधायक मदन कुशवाह,
- पूर्व विधायक प्रद्युम्न सिंह तोमर,
- मुखर्जी भवन भाजपा कार्यालय।
यहां भी जाते हैं अखबार
सभी पार्षदों के घर अखबार उनके आवास कार्यालय के नाम से भेजे जाते हैं। इसके अलावा ऐसे तमाम वाचनालयों के नाम से अखबार भेजे जाते हैं, जिनका संचालन विभिन्न् सामाजिक संगठनों द्वारा किया जाता है। इसके अलावा नगर निगम के लिए मनोनीत विधायक व सांसद प्रतिनिधि, निगम के सभी अधिकारियों के आवास, कुछ अधिकारियों के आवास व कार्यालय दोनों पतों पर अखबार जाते हैं।