कर्मचारियों पर अत्याचार करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश

Updesh Awasthee
0
भोपाल। कैंसर पीड़ित कर्मचारी को वायरल बुखार का मरीज बताकर उसका तबादला करने एवं वेतन रोकने वाले मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत कंपनी के डीजीएम चंद्र कुमार एवं असिस्टेंट इंजीनियर संदीप पांडेय पर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। मामले की सुनवाई मानवाधिकार आयोग कर रहा था। 

शिवपुरी के मिश्रीलाल जाटव मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत कंपनी में लाइनमैन के पद पर हैं। बेटे बहादुर सिंह जाटव ने आयोग में शिकायत की थी कि कैंसर पीड़ित पिता का ग्वालियर में इलाज चल रहा है। बीमारी संबंधी सभी दस्तावेज असिस्टेंट इंजीनियर संदीप पांडे और उप महाप्रबंधक चंद्र कुमार को दिए। अधिकारियों ने उनका ट्रांसफर कर दिया और वेतन रोक दिया। अंतत: अपनी बीमारी का सबूत देने के लिए मिश्रीलाल को एंबुलेंस में 300 किलोमीटर का सफर तय कर भोपाल आना पड़ा। जब मिश्रीलाल स्वयं मानवाधिकार आयोग के सामने पेश हुआ तो सनाका खिंच गया। 

अफसरों ने किया गुमराह 
जाटव की शिकायत पर आयोग द्वारा कंपनी से मांगी गई रिपोर्ट में उप महाप्रबंधक चंद्र कुमार ने आयोग को बताया कि लाइन मेन मिश्रीलाल ने कैंसर जैसी बीमारी के दस्तावेज नहीं दिए। केवल यह बताया कि उन्हें वायरल फीवर है। 90 दिन अनुपस्थित रहे। इसलिए वेतन रोक दिया गया। 

पहले हो गया था केस बंद
आयोग ने कंपनी द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर प्रकरण को नस्तीबद्ध कर दिया था। पीड़ित की हालत देखने के बाद फिर से ओपन किया गया है। उप महाप्रबंधक चंद्र कुमार के खिलाफ कार्रवाई करने व असिस्टेंट इंजीनियर संदीप पांडेय की जिद की वजह से बिल स्वीकृत न करने के मामले में सख्त विभागीय कार्रवाई करने की सिफारिश की है। मामले की सुनवाई 11 जुलाई को रखी है। 

बिगड़ गई तबियत, अफसरों ने वहीं लिखी रिपोर्ट 
पत्नी और बेटे-बेटी के साथ तीन सौ किमी की यात्रा करके भोपाल पहुंचे मिश्रीलाल जाटव की हालत गंभीर हो गई। उन्हें किसी तरह विजिटर रूम में पहुंचाया। कुछ संभलने के बाद उन्हें कार्यवाहक अध्यक्ष वीके कंवर के कमरे में ले जाया गया। कंवर ने ऊर्जा विभाग के पीएस आईसीपी केसरी को फोन लगाकर तुरंत उपस्थित होने को कहा। जवाब मिला कि वे भोपाल से बाहर हैं, प्रतिनिधि भेज रहे हैं। इसके बाद ऊर्जा विभाग के एसीएस अग्रवाल और संजय निहलानी पहुंचे। कंवर ने उन्हें फटकार लगाई और पीड़ित की वास्तविक जानकारी लिखकर देने कहा। उन्होंने जानकारी लिखित में दी और रुका हुआ पेमेंट व अन्य आर्थिक सहायता करने आश्वासन दिया। 

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!