उपचार के अभाव में बालिका की मौत, स्वास्थ्य केन्द्र में मचा हंगामा

शिवपुरी। जिले के खनियांधाना में स्वास्थ्य सेवाएं कितनी बिगड़ी हुई हैं। इसका एक उदाहरण बीती रात्रि स्वास्थ्य केन्द्र में देखा गया। जहां एक 11 वर्षीय बालिका प्रभा आदिवासी ने पेट में दर्द की शिकायत की बाद उचित इलाज न होने पर दम तोड़ दिया। उस समय स्वास्थ्य केन्द्र में कोई भी स्टॉफ मौजूद नहीं था।
बालिका की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो उठे और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप मड़ते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। फिलहाल इस मामले में पुलिस एवं प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि 11 बजे प्रभा पुत्री गुलाब आदिवासी निवासी पुरा थाना मायापुर के पेट में दर्द हुआ। जिसके इलाज के लिए उसके परिजन उसे स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। लेकिन करीब दो घंटे तक परिजन डॉक्टरों को खोजते रहे, लेकिन कोई भी डॉक्टर उन्हें वहां नहीं मिला और इलाज के अभाव में प्रभा ने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। प्रभा की मौत के बाद स्वास्थ्य केन्द्र में परिजनों ने हंगामा करते हुए डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया। फिलहाल पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है।