आपदा पीडि़तों के लिए किया सुन्दरकाण्ड, निकाली प्रार्थना रैली

शिवपुरी। उत्तराखण्ड में आई प्राकृतिक आपदा में मृतको की आत्मा की शांति व दु:ख की इस घड़ी में परिजनों को संबल मिले। इसी कामना के साथ गत दिवस कपड़ा व्यापार संघ एवं रेडीमेड हौजरी विक्रेता संघ ने संयुक्त रूप से हनुमान मंदिर माधवचौक पर सुन्दरकाण्ड का आयोजन किया तत्पश्चात मौन प्रार्थना रैली निकालकर इस विपदा में मारे गए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की।
उत्तराखण्ड चारोंधाम सिद्ध क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि व अपनों से बिछड़े लोगों के लिए कपड़ा व्यापार संघ व रेडीमेड हौजरी संघ के घनश्याम भसीन, महेन्द्र रावत, हीरा हरियाणी, बालकृष्ण सिंघल, नीले सरदार, राजेन्द्र अग्रवाल, प्रहलाददास गुप्ता, हेमंत जैन, धर्मेन्द्र जैन, निर्मल जैन, यशवन्त जैन, रिंकेश जैन, बलकू, विवेक पाठक, सोनू सिंघल, मुकेश गुप्ता, के.के.गुप्ता, बण्टी भसीन, राजीव निगौती, राजू हरियाणी, परमजीत सिंह, भूपेन्द्र कोचेटा आदि ने एक संयुक्त रैली निकाली और इस हादसे में मृतकों की आत्मशांति हेतु व परिजनों को दु:ख की इस घड़ी में शांति हेतु सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया और ईश्वर से प्रार्थना कर अंत में प्रसाद वितरित किया गया।

जिला जेल के कैदियों ने भी जताया शोक, भेंजेंगे आर्थिक सहायता

उत्तराखण्ड में आई विपदा से पूरा जनमानस आहत है। शोक संवेदनाओं के इसी क्रम में जिला जेल में बंद कैदियों ने भी जेलर व्ही.एस.मौर्य के निर्देशन में उत्तराखण्ड में आई विपदा में मारे गए लोगों के प्रति गहन दु:ख जताया और शोक व्यक्त किया। उपजेल परिसर में आज जेल के कैदियों ने अपनी ओर से शोक संवेदना व्यक्त करने की इच्छा जेलर से की जिस पर सभी कैदी जेल परिसर में ही एकत्रित हुए और दो मिनिट का मौन धारण कर मृत आत्माओं की शांति व शोक संतृप्त परिजनों की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की। इसके बाद कैदियों ने जेलर श्री मौर्य के समक्ष अपनी ओर से परिजनों से भेंट कर कुछ सहायता राशि प्रदान करने की गुहार भी लगाई जिस पर शीघ्र ही कैदी अपने परिजनों से राशि एकत्रित कर बाढ़ पीडि़तों की सहायतार्थ अनुदान राशि भजेंगें। इसमें जेल स्टाफ सहित जेलर श्री मौर्य भी अपनी ओर से सहयोग करेंगें।