...लो अब पूर्व नपाध्यक्ष ने की माधौ महाराज की मूर्ति तोडऩे की निंदा

शिवपुरी- माधौ महाराज की मूर्ति तोडऩे को लेकर लोगों का आक्रोश थामे नहीं थम रहा अब माधौ महाराज की मूर्ति को तोडऩे वालों के विरूद्ध ना केवल कांग्रेसजन बल्कि पार्षद और पूर्व नपा सीएमओ के बाद अब पूर्व नपाध्यक्ष गणेशी लाल जैन भी सामने आए है। श्री जैन ने माधौ महाराज की प्रतिमा तोड़े जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है और ऐसा करने वालों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही और मूर्ति तोडऩे वाले आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है।

पूर्व नपाध्यक्ष गणेशीलाल जैन ने उत्सव हत्याकाण्ड के बाद शिवपुरी के विकास के जनक कै. माधौ महाराज की मूर्ति तोड़े जाने और उसे गायब किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि मूर्ति तोडऩे वालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और गायब मूर्ति का पता लगाया जाए। साथ ही मूर्ति तोडऩे वाले आरोपियों की अबिलंब गिरफ्तारी हो।

प्रेस को जारी बयान में श्री जैन ने कहा कि कै. माधौ महाराज का शिवपुरी के विकास में अद्वितीय योगदान रहा है। वह लोकप्रिय शासक, दूरदर्शी और संवेदनशील व्यक्तित्व के धनी थे। उनके कार्यकाल में ही शिवपुरी में अनेक तालाब, छत्री, बायपास रोड के निर्माण हुए।

शिवपुरी के जन-जन में उनकी एक नायक जैसी छवि थी। लेकिन उपद्रवी तत्वों ने आक्रोश की आड़ में माधौ महाराज की मूर्ति को तोड़कर अपनी विकृत मानसिकता का परिचय दिया है तथा शिवपुरी को कलंकित करने का शर्मनाक कृत्य किया है।

श्री जैन ने कहा कि शिवपुरी के लोगों की आस्था माधौ महाराज की मूर्ति से जुड़ी हुई है और उपद्रवी तत्वों ने न केवल मूर्ति तोड़ी है, बल्कि वह कहां है किसी को पता नहीं है। तमाम तरह की अफवाहें फैल रही हैं कि मूर्ति कुएं में फेंक दी गई, आग में जला दी गई तथा कोई ले गया है। पुलिस मूर्ति का आज तक पता नहीं लगा पाई और प्रशासन का ध्यान इस ओर कतई नहीं है। श्री जैन ने मूर्ति का पता लगाने और उसे पुर्नस्थापित करने की प्रशासन तथा नगरपालिका से मांग की है।

...और यहां कांग्रेस संगठन मंत्री व पार्षदों ने फांसी की मांग की

कांग्रेस के जिला संगठन मंत्री अजयराज शर्मा ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि कमल गोयल के पुत्र उत्सव गोयल की हत्या के बाद जो उपद्रव हुआ उसमें उपद्रवियों ने माधौ महाराज की मूर्ति तोड़कर एक और हत्या करने का कार्य किया है। श्री शर्मा ने कहा कि माधौ महाराज ने शिवपुरी जैसे छोटे से गांव को शहर के रूप में तब्दील कराया। उनकी मूर्ति तोडऩे वालों को फांसी से कम सजा नहीं मिलनी चाहिए। माधव चौक पर पुन: माधौ महाराज की प्रतिमा लगाने के लिए श्रीमती वंदना राजेन्द्र शिवहरे, श्रीमती नीलू शुक्ला, इरशाद पठान, संजय गुप्ता, अजयराज शर्मा आदि ने प्रशासन को ज्ञापन दिया है।