रॉयल्टी काटने को लेकर खदान पर चली गोलियां, दो घायल, चार पर मामला दर्ज

शिवपुुरी। करैरा थाना क्षेत्र के अंदौरा रेत खदान पर रात्रि के समय दो ठेकेदारों के बीच रॉयल्टी काटने को लेकर विवाद इतना गहराया कि एक पक्ष ने अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू कर दी। इस आपसी विवाद में दो लोग घायल हो गये है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 जून को शाम के समय रेत खदान पर फरियादी जितेन्द्र पुत्र इमरत चौहान अपने साथ बड़े राजा और शिरोमणी सिंह सहित स्टाफ के साथ मौजूद था। जहां रेत ले जाने के लिए रॉयल्टी काटी जा रही थी। जिस पर आरोपी रमेश यादव, उमेश यादव, चतुर सिंह और राजेन्द्र निवासीगण अंदोरा पहुंचे और उन्होंने काटी जा रही रॉयल्टी को फर्जी बताया। उन्होंने कहा कि खदान पर जो रॉयल्टी काटी जा रही है वह इस खदान की न होकर दतिया क्षेत्र की है। जिस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई और धीरे-धीरे यह कहासुनी विवाद में बदल गई।

इसी बीच आरोपी रमेश यादव ने शिरोमणी सिंह के सिर में फरसा मार दिया। जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। बाद में आरोपी चतुर सिंह ने कुल्हाड़ी से बड़े राजा पर हमला बोल दिया। इसके बाद आरोपी उमेश यादव ने अपनी 315 बोर की बंदूक से अंधाधुंध फायर करना शुरू कर दिया। जिससे खदान क्षेत्र में भगदड़ मच गई और बाद में आरोपी वहां से भाग निकले। घटना के बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए दतिया अस्पताल ले जाया गया।

बाद में दतिया पुलिस ने इस मामले में शून्य पर कायमी कर कल करैरा पुलिस को असल कायमी के लिए केस रैफर कर दिया। जहां करैरा पुलिस ने चार आरोपी रमेश यादव, उमेश यादव, चतुर सिंह और राजेन्द्र के खिलाफ धारा 307 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।