शिवपुरी। पिछले 17 दिनसे पंचायत सहायक सचिव के पद पर संविलियन को लेकर प्रदेश के साथ-साथ जिले के सैकड़ों रोजगार सहायक हड़ताल कर रहे हैं। गुरूवार को इन हड़ताल रोजगार सहायकों ने महात्मा गांधी का वेश धरा और धरना स्थल से शहर के प्रमुख मार्गों से रैली निकाली। बड़ी संख्या में महात्मा गांधी की वेश-भूषा बनाकर सड़कों पर उतरे ये हड़तालीकर्मी लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने में सफल रहे। हालांकि इसके पीछे रोजगार सहायक संगठन के जिलाध्यक्ष राजेश रावत का कहना था कि पिछले 17 दिन से हम गांधीवादी तरीके से अपने आंदोलन को जारी रखे हुए हैं, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। यही कारण है कि आज गांधी की वेश-भूषा में हम सड़कों पर उतरे और इसी के साथ अब कल से इस गांधीवादी तरीके को त्यागकर रोजगार सहायक मजबूरन उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। इन लोगों का कहना है कि उग्र आंदोलन के क्रम में रोजगार सहायक भूख हड़ताल जैसे रास्ते को अपनाएंगे ही साथ ही भोपाल पहुंचकर प्रदेश के 23 हजार रोजगार सहायक एक साथ मुंडन कराकर सरकार का तर्पण भी करेंगे।


प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।