शिवपुरी। उज्जैन में महाकुंभ सिंहस्थ 2016 के आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए रेलवे स्टेशन शिवपुरी पर श्रृद्धालुओं की बड़ी संख्या में आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ पर नियंत्रण आदि संसाधनों की उपलब्धता हेतु आज अपर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने बनाए गए कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अपर कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने स्थानीय रेलवे स्टेशन शिवपुरी पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए होल्डिंग ऐरिया, अस्थाई विश्राम हेतु पाण्डाल निर्माण, प्रकाश, पंखे, पीने का पानी, शौचालय एवं साफ-सफाई की व्यवस्था किए जाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
श्रीमती माथुर ने रेल्वे स्टेशन पर यात्रियों को रियायती मूल्य पर भोजन की व्यवस्था एवं 24 घण्टे अस्थाई चिकित्सकीय व्यवस्था हेतु एक-एक कक्ष स्टेशन पर उपलब्ध कराने के स्टेशन मास्टर को निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने समस्त रेल्वे स्टेशनों पर यात्रियो की सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त मात्रा में पुलिस बल उपलब्ध कराने हेतु संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए। श्रीमती माथुर ने रेलवे स्टेशन पर बने केन्टीन का निरीक्षण भी किया।
उज्जैन में महाकुंभ सिंहस्थ 2016 हेतु श्रृद्धालुओं के लिए समस्या उत्पन्न होने पर कंट्रोल रूम के मोबाईल नंबर 7587614931 एवं 7049150113 पर संपर्क कर सकते है।