रिटायर्ड सीएमओ रामनिवास शर्मा ने दान की अपनी देह

शिवपुरी। नगरपालिका शिवपुरी के पूर्व सीएमओ और नगरपालिका पेंशनर संघ शिवपुरी के अध्यक्ष रामनिवास शर्मा ने अनुकरणीय पहल करते हुए निर्णय लिया है कि मरणोपरांत उनके शरीर का दाह संस्कार नहीं किया जाए, बल्कि इसके स्थान पर उनका शरीर मेडीकल विद्यार्थियों के शोधार्थ अर्पित कर दिया जाए।

जिससे उनके शरीर के अंगों का समाजसेवा के लिए उपयोग हो सके। इस पुनीत कार्य के लिए श्री शर्मा को उनके परिवारजनों ने पूरा सहयोग देते हुए इसके लिए लिखित में सहमति भी दी है। 

अपना शरीर मानव सेवा के लिए दान करने वाले रामनिवास शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने गांधी मेडीकल कॉलेज भोपाल के अधिष्ठाता को आवेदन पत्र दिया है जिसमें उन्होंने उल्लेख किया है कि वह स्वेच्छा से मरणोपरांत अपने संपूर्ण शरीर को चिकित्सा महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के अध्ययन व शोध कार्य हेतु दान करना चाहते हैं। श्री शर्मा ने बताया कि उन्हें इस पवित्र कार्य के लिए उनके अनुज महेशचंद शर्मा के पुत्र जो कि मेडीकल कॉलेज भोपाल में अध्ययनरत् हैं ने प्रेरित किया।

वह कहते हैं कि मरने के बाद शरीर को जला दिया जाता है, लेकिन इससे इसका कोई उपयोग नहीं होता। इसलिए उन्होंने मरणोपरांत शरीर दान करने का फैसला किया है। उनकी इच्छा पर परिजनों ने सहमति से स्वीकृति प्रदान की है। जिनमें उनकी पत्नी श्रीमती कमलादेवी शर्मा, पुत्र हेमंत शर्मा, पुत्रवधु श्रीमती अंकिता शर्मा, पुत्री सरिता मिश्रा शामिल हैं।