बेगानी हुई नगर पालिका, नहीं मिल रहा सीएमओ का प्रभारी

शिवपुरी। इन दिनों लगता है कि नगर पालिका बेगानी हो गई है क्योंकि यहां जब से सीएमओ अशोक रावत आए है उन्होंने बहुत ही कम समय नगर पालिका को दिया और इसके बाद वह अक्सर छुट्टियों पर समय बिताते नजर आए। ऐेसे में इस खाली पद को भरने के लिए नपाध्यक्ष ने कलेक्टर से किसी अन्य अधिकारी के नियुक्ति की मांग की।

जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम को पदस्थ किया तो उन्होंने इस निम्न स्तर का पद बताकर चार्ज लेने से इंकार कर दिया। अब नगर पालिका में सीएमओ का प्रभारी नहीं मिल पा रहा क्योंकि वर्तमान में जो प्रभारी डॉ.अशोक शर्मा थे वह गत दिवस 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए।

यहां बताना होगा कि प्रभारी मुख्य नपा अधिकारी अशोक शर्मा के सेवा निवृत्त हो जाने के पश्चात  कलेक्टर आरके जैन ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी का प्रभार अनुविभागीय दण्डाधिकारी डीके जैन को सौंप दिया था। किसी योग्य प्रशासनिक अधिकारी को चार्ज देने का नपाध्यक्ष रिशिका अनुराग अष्ठाना ने कलेक्टर से अनुरोध किया था उसी तारतम्य में कलेक्टर ने एसडीएम डीके जैन को नगरपालिका सीएमओ का चार्ज देने बाबत आदेश निकाल दिया था। लेकिन एसडीएम डीके जैन ने प्रभार ग्रहण करने में अनिच्छा जताई है। इस बारे में श्री जैन ने कहा कि हालांकि उन्हें कलेक्टर का आदेश अभी प्राप्त नहीं हुआ है, लेकिन वह चार्ज लेने में उत्सुक नहीं है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर से वह अनुरोध करेंगे कि इस जिम्मेदारी को किसी अन्य को दिया जाए।

शिवपुरी नगरपालिका में सीएमओ द्विवेदी की विदाई के बाद आए नए सीएमओ अशोक रावत ने अपनी नई पद स्थापना में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। चार्ज लेने के बाद श्री रावत लंबी छुट्टी पर चले गए। इसका परिणाम यह हुआ कि स्वास्थ्य अधिकारी अशोक शर्मा को मुख्य नगरपालिका अधिकारी का प्रभार देना पड़ा। श्री शर्मा 30 जून को सेवा निवृत्त हो गए। नगरपालिका में अन्य कोई वरिष्ठ अधिकारी ऐसा नहीं था। जिसे चार्ज दिया जा सके। इस कारण कलेक्टर आरके जैन ने एसडीएम डीके जैन ने सीएमओ का चार्ज दे दिया, लेकिन उनके प्रभार ग्रहण न करने से असमंजसपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

SDM ने बताया निम्न स्तर का है पद
एसडीएम डीके जैन का कहना है कि सीएमओ का पद डिप्टी कलेक्टर के पद से निम्र होता है। अध्यक्ष न होने की स्थिति में प्रशासक पद पर किसी डिप्टी कलेक्टर को नियुक्त किया जाता है और मु य नपा अधिकारी उसके अधीन होता है। इस कारण वह चार्ज ग्रहण नहीं करना चाहते वह कलेक्टर से अनुरोध करेंगे कि उन्हे चार्ज दिए जाने के आदेश पर पुन: विचार किया जाए।

किसी को भी बनाऐं पर चार्ज जरूर दें
नपाध्यक्ष श्रीमती रिशिका अनुराग अष्ठाना ने बताया कि नपा में कोई योग्य प्रशासनिक अधिकारी न होने के कारण उन्होंने कलेक्टर से अनुरोध किया था कि शहरी विकास अधिकरण के परियोजना अधिकारी भारत भूषण पाण्डे को सीएमओ का चार्ज दिया जाए। लेकिन कलेक्टर ने एसडीएम को चार्ज दिया। जिस पर मैंने सहमति व्यक्त की। उनके अनुसार नगरपालिका में राजस्व अधिकारी सौरभ गौड और सहायक यंत्री कुशवाह के अलावा अन्य कोई अधिकारी नहीं है। इसलिए वह नगरपालिका से अलग योग्य प्रशासनिक अधिकारी की सीएमओ पद पर नियुक्ति चाहती हैं।

Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!