लगता है बदलेगा भाजपा कार्यालय का स्थान!

शिवपुरी-ज्योतिष का प्रभाव और वास्तु की दृष्टि से ऐसा लगता है कि आने वाले समय में भारतीय जनता पार्टी के नवीन कार्यालय का स्थान परिवर्तन हो जाए। हालांकि वर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर रावत ने इस तरह की बातों को नकारा है और कहा है कि पार्टी के नवीन स्थल पर ही भाजपा कार्यालय का निर्माण होगा। चर्चा है कि वर्तमान में जब से भाजपा के नए कार्यालय का शुभारंभ हुआ तभी से पार्टी में हालात ठीक नहीं चल रहे।


एक ओर जहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के रूप में प्रभात झा की रवानगी हो गई तो वहीं दूसरी ओर शिवपुरी सहित अन्य 12 जिलों में भाजपा जिलाध्यक्षों के लिए सहमति नहीं बन पाना भी एक प्रमुख कारण बताया जा रहा है जिसमें शिवपुरी भी शामिल है। ऐसे में अब चर्चा है कि भाजपा के नवीन कार्यालय के भूमिपूजन के बाद पार्टी में ऐसे हालात बने जिससे यह इशारा हो रहा है कि वास्तु की स्थिति से यह कार्यालय पार्टी हित में ठीक नहीं वहीं बताया गया है कि पार्टी के ही एक अन्य व्यक्ति ने वर्तमान में जो भाजपा कार्यालय चल रहा है उसके नजदीक खाली पड़ी भूमि को भी कार्यालय के लिए दान करने की बात कही है। 

अब इन बातों में कहां तक सच्चाई है यह तो आने वाले समय पर ही निर्भर करेगा। यहां बता दें कि खिन्नी नाका क्षेत्र में नवनिर्मित होने जा रहे भाजपा कार्यालय के स्थल को बदले जाने की सुगबुगाहट चल रही है। पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता इस स्थल को तमाम कारण गिनाते हुए किसी अन्यत्र स्थान पर कार्यालय बनाने का सुझाव दे रहे हैं। हालांकि इस मुद्दे पर एक राय नहीं बन पाई है। 

कार्यालय निर्माण हेतु गठित कोर समिति की बैठक में भी कार्यालय स्थल को बदले जाने का प्रस्ताव रखा गया, लेकिन इसके पक्ष में आम सहमति नहीं बन सकी। सूत्र बताते हैं कि कार्यालय निर्माण हेतु गठित समिति के संयोजक ने इस प्रस्ताव का विरोध किया और कहा कि वर्तमान स्थल सर्वाधिक सुविधाजनक है। जिसका कुछ अन्य सदस्यों ने भी समर्थन किया। बैठक में जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, संगठन मंत्री श्याम महाजन, जिला महामंत्रीगण ओमप्रकाश शर्मा गुरू, सुशील रघुवंशी, जगराम सिंह रावत आदि थे। 

विदित हो कि लगभग ढाई माह पूर्व भाजपा कार्यालय का भूमिपूजन हुआ था। 27 अक्टूबर को आयोजित इस समारोह में तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा, वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर और सांसद यशोधरा राजे सिंधिया पधारी थीं। उस समारोह में पार्टी की एकजुटता दृष्टिगोचर हुई थी और कार्यालय निर्माण हेतु प्रभात झा की पहल पर आनन-फानन में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने 75 लाख रूपये का चंदा एकत्रित किया था। 

लेकिन इसके बाद प्रदेश और जिले की भाजपा राजनीति में नाटकीय घटनाक्रम घटित हुए। प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा की अचानक अपने पद से विदाई हो गई और एक तरह से तीसरी बार जिलाध्यक्ष बनने जा रहे रणवीर सिंह रावत की ताजपोशी भी रूक गई। सूत्र बताते हैं कि इसके बाद ज्योतिषियों और पंडितों की सलाह ली गई। इसी आधार पर कोर कमेटी की बैठक में एक जिला पदाधिकारी ने नवीन कार्यालय बनाए जाने का सुझाव दिया और कहा कि वर्तमान स्थल वास्तु की दृष्टि से उपयुक्त नहीं हैं। 

शहर से भी यह काफी दूर है और एक तरह से भूमिपूजन के पश्चात पार्टी में दिक्कतें शुरू हुई हैं। लेकिन वर्तमान स्थल पर ही कार्यालय बनाए जाने की पैरवी कर रहे एक सदस्य ने बताया कि यह तर्क सिर्फ कार्यालय बदले जाने हेतु हैं। जबकि निजी और राजनैतिक हितों से कार्यालय स्थल बदले जाने की पैरवी की जा रही है। क्योंकि प्रभात झा तो अब प्रदेशाध्यक्ष नहीं रहे। नए भूमिपूजन समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को लाने का मौका मिलेगा। नरेन्द्र सिंह तोमर भी नई भूमिका में आएंगे। जबकि कार्यालय का वर्तमान स्थल हर दृष्टि से उपयुक्त है। लगभग 7 हजार वर्ग फुट जमीन में अत्याधुनिक और पूर्ण विकसित कार्यालय का निर्माण होगा। जहां पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होगी। 


नहीं बदलेगा भाजपा का नया जिला कार्यालय : जिलाध्यक्ष रावत 


भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि पार्टी का नवीन कार्यालय वर्तमान स्थल खिन्नी नाका रोड पर ही बनेगा। लेकिन उनकी बातों से यह अवश्य जाहिर हुआ कि कार्यालय स्थल को बदले जाने की चर्चाएं तो उठी थीं। श्री रावत के अनुसार वर्तमान में चिंताहरण रोड पर जो कार्यालय है। उसके नजदीक किसी ने जमीन दान में देने का प्रस्ताव किया था। शायद उससे ही भ्रम पैदा हुआ कि कार्यालय स्थल बदला जा रहा है। लेकिन भाजपा का नवीन कार्यालय उसी स्थल पर बनेगा जहां 27 अक्टूबर को भूमिपूजन हुआ था। उनके अनुसार जो भूमिस्वामी सहयोग कर रहा है उसे भी निराश नहीं किया जाएगा और उस स्थल पर नगर कार्यालय का निर्माण किया जा सकता है।