दीवाली बाद तय होगा भाजपा जिलाध्यक्ष का नाम


शिवपुरी- भारतीय जनता पार्टी का नया जिलाध्यक्ष कौन होगा यह अब दीवाली बाद ही तय होगा। पार्टी में जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर मची खींचतान के बाद वरिष्ठ नेता इस मामले में एक मत नहीं है और दीवाली का त्यौहार होने के कारण चयन का मामला अटक गया है अब दीवाली बाद ही इस मामले में कोई फैसला हो पाएगा।


बताया जाता है कि इस अंचल में विशेष प्रभाव रखने वाले भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा और सांसद यशोधरा राजे सिंधिया अभी दीपावली का त्यौहार होने के कारण व्यस्त है। त्यौहार के बाद इस मामले में कोई फैसला आने की उम्मीद है। कल तक रणवीर रावत का नाम जिलाध्यक्ष के लिए तय माना जा रहा था मगर यशोधरा राजे सिंधिया द्वारा रणवीर रावत के नाम का विरोध करने के बाद जिलाध्यक्ष की घोषणा का मामला लटक गया, वैसे इस पद की दौड़ में रणवीर रावत के अलावा ओमप्रकाश खटीक, ओमी गुरू और अशोक खण्डेलवाल का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। 

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिवपुरी भाजपा का नया जिलाध्यक्ष कौन होगा, इस बारे में फैसला भोपाल पार्टी कार्यालय से लिया जाएगा। सूत्र बताते हैं कि दीपावली के त्यौहार के बाद राष्ट्रीय महासचिव नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा इस मामले में कोई फैसला लेंगें। इस फैसले में सांसद यशोधरा राजे सिंधिया की सहमति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खबर यह आ रही है कि रणवीर रावत के नाम की घोषणा में जो अड़ंगा लगा है उसमें यशोधरा राजे सिंधिया ने महत्वपूर्ण रोल अदा किया है। 

सूत्र बताते हैं कि यशोधरा राजे सिंधिया गुट रणवीर रावत के नाम पर सहमत नहीं है। यशोधरा राजे समर्थक जिले के दो भाजपा विधायक प्रहलाद भारती और माखन लाल राठौर ने भी यशोधरा राजे सिंधिया के इशारे पर रणवीर रावत के नाम पर असहमति व्यक्त की है वहीं दूसरी ओर यशोधरा राजे सिंधिया के साथ कोलारस विधायक देवेन्द्र जैन व उनके छोटे भाई जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र जैन गोटू ने भी सुर में सुर मिलाते हुए रणवीर रावत की खिलाफत कर दी है। 

यह दोनों जैन बन्धु भी रणवीर रावत के नाम पर सहमत नहीं है। रणवीर रावत के नाम पर असहमति बनते ही जैन ब्रदर्स भी जो कल तक नरेन्द्र सिंह तोमर खेमे के माने जाते थे वह रणवीर रावत के विरोध में उतर आए है और यशोधरा राजे सिंधिया गुट के साथ हां में हां मिलाते नजर आ रहे है। रणवीर रावत को नरेन्द्र सिंह तोमर खेमे से जोड़कर माना जाता है और इसी तोमर गुट के देवेन्द्र जैन और जितेन्द्र जैन ने जिस प्रकार से खिलाफत की है उससे शिवपुरी की भाजपा में नए गुटीय समीकरण बनते नजर आ रहे है। 

ओमी गुरू को बधाईयां मिलना शुरू


वैसे अभी भाजपा में नए जिलाध्यक्ष की घोषणा नहीं हुई है मगर यशोधरा राजे सिंधिया गुट के लोगों ने ओमी गुरू को पार्टी का नया जिलाध्यक्ष मान लिया गया है। सूत्र बताते हैं कि ओमी गुरू को इस गुट ने जिलाध्यक्ष की बधाईयां देना शुरू कर दी है। दीपावली होने के कारण इस समय एक-दूसरे से मेल-मिलाप और शुभकामनाऐं संदेश देने का क्रम चल रहा है। इसी क्रम में यशोधरा गुट के लोग तो ओमी गुरू को नया जिलाध्यक्ष मानकर बधाईयां देते नजर आ रहे है। रणवीर रावत की खिलाफत के बाद यशोधरा राजे सिंधिया गुट से ओमी गुरू और ओमप्रकाश खटीक के नाम जिलाध्यक्ष पद के लिए सामने आए थे। बताया जाता है कि यशोधरा गुट में ही अभी किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनी है। अब देखना यह है कि अभी से मिल रही बधाईयों के बाद ओमी गुरू की ताजपोशी हो पाती है कि नहीं।