वन विभाग 3000 नई नौकरियां

वन विभाग बहुत बड़े स्तर पर युवा वर्ग को नौकरियाँ देने की तैयारी कर रहा है। विभाग वर्ष 2012 में सीधी भर्ती से वनरक्षकों के 2715 पदों और वन क्षेत्रपालों के 51 पदों को भरेगा। इनमें से वनरक्षकों के 1384 पदों के लिये आगामी रविवार 15 अप्रैल को व्यापम के माध्यम से चयन परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा के लिए प्रदेश के 48 जिलों में 756 केन्द्र बनाये गये है। केन्द्रों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक परीक्षा होगी।

वनरक्षकों की इस भर्ती के बाद विभाग द्वारा वन रक्षकों के 1331 पद पर भर्ती के लिये चयन प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी। यह भर्ती रिक्त पदों और 2012 में रिक्त होने वाले पदों के विरूद्ध की जायेगी।

वनरक्षकों की 2008 से 2011 तक हुई करीब 4 हजार भर्तियाँ

वर्ष 2008 से वर्ष 2011 तक प्रदेश में वनरक्षकों के सीधी भर्ती से 3,858 पद भरे गये है। इनमें से अकेले वर्ष 2008 में 3,486 पद पर, 2010 में 252 पद पर और वर्ष 2011 में 120 पद पर भर्ती की गई। इसी तरह वन क्षेत्रपाल के पद पर वर्ष 2008 में सीधी भर्ती से 171, वर्ष 2009 में 47 और वर्ष 2010 में 46 पद पर भर्ती की जा चुकी है। इनमें से अधिकांश वन क्षेत्रपाल अभी देश के विभिन्न प्रशिक्षण संस्थान में दो वर्षीय प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। वर्ष 2011 में आयोजित चयन परीक्षा में 54 अभ्यर्थियों का चयन किया गया है जिनकी भर्ती प्रक्रिया अभी चालू है। राज्य वन सेवा के वर्ष 2009 में 9, वर्ष 2010 में 2 और वर्ष 2011 में 22 लोगों की भर्ती की गई है।

पदोन्नति

वन विभाग में वर्ष 2009 में वनरक्षक से वनपाल के पद पर 657 कर्मचारियों की, वर्ष 2010 में 669 की और वर्ष 2011 में 345 कर्मचारियों की पदोन्नति की गई। इसी तरह वनपाल से उप-वन क्षेत्रपाल पद पर वर्ष 2009 में 223, वर्ष 2010 में 294 और वर्ष 2011 में 157 लोगों की पदोन्नति की गई है। उप-वनक्षेत्रपाल से वन क्षेत्रपाल के पद पर वर्ष 2009 में 76, वर्ष 2010 में 110 और वर्ष 2011 में 112 लोगों को पदोन्नति दी गई है। वन क्षेत्रपाल से सहायक वन संरक्षक के पद पर वर्ष 2009 में 28 और वर्ष 2010 में 5 लोगों को पदोन्नत किया गया।