रणवीर ही रहेंगें जिलाध्यक्ष, तोमर ने दिए संकेत

शिवपुरी। संभाग स्तरीय सम्मेलन में शिरकत करने के लिए आए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने साफ कहा कि  प्रदेश के जिन 12 जिलों में भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषणा नहीं हुई है वहां पर वर्तमान जिलाध्यक्ष ही फुलप्रूफ जिलाध्यक्ष है और उन्हें पूर्ण रूप से कार्य करने की स्वतंत्रता है।

शिवपुरी के बारे में नरेन्द्र सिंह तोमर ने साफ कहा कि वर्तमान जिलाध्यक्ष रणवीर रावत ही जिलाध्यक्ष हैं और अभी उन्हें कार्य करने की पूरी स्वतंत्रता है। नरेन्द्र सिंह तोमर ने यह बात मीडियाकर्मियों द्वारा यह पूछे जाने पर कि 12 जिलों में भाजपा अपने जिलाध्यक्ष घोषित क्यों नहीं कर पा रही है इस प्रश्न के उत्तर में उन्होंने यह बात कही।

नरेन्द्र सिंह तोमर ने साफ संकेत दिए कि रणवीर रावत ही अब भाजपा के जिलाध्यक्ष होंगें। बातचीत में उन्होंने कहा कि वर्तमान जिलाध्यक्षों को हटाया नहीं गया है वह जिलाध्यक्ष ही पूर्ण रूपेण जिलाध्यक्ष है और उन्हें कार्य करने की पूरी स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जिन जिलों में जिलाध्यक्षों की घोषणा हो गई है वह इस प्रक्रिया के तहत थी और जिन जिलों में भाजपा जिलाध्यक्षों की घोषणा नहीं हो पाई है वहां पुराने जिलाध्यक्ष ही फुलप्रूफ जिलाध्यक्ष हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की इस बात से अब साफ संकेत है कि नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव में रणवीर रावत ही जिले में पार्टी की कमान संभालेंगें। 

उल्लेखनीय है कि  पिछले कई महीनों से शिवपुरी के भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर मामला लटका पड़ा था। स्थानीय नेताओं में आपसी सामंजस्य और सहमति ना बन पाने के कारण किसी एक नाम पर राय नहीं बन पा रही थी। शुरूआत में रणवीर रावत का नाम तय माना जा रहा था मगर स्थानीय कुछ नेताओं के विरोध के कारण घोषणा का मामला लटक गया था लेकिन आज नरेन्द्र सिंह तोमर ने जिस प्रकार से पत्रकारों से बातचीत में संकेत दिए है उससे लगता है कि अब रणवीर रावत के हाथ में ही भाजपा की कमान जिले में रहेगी।