शिवपुरी। शिवपुरी जिले के 1 किसान ने 1 हेक्टेयर जमीन में 62 क्विंटल गेहूं पैदाकर सबको हैरान कर दिया है। इसमें सबसे खास बात यह रही कि इस किसान ने अपने खेत में जहरीले रसायनिक खाद का इस्तेमाल नही किया है। किसान ने अपने खेत में जैविक खाद इस्तेमाल किया है। जिले के महेशपुरा निवासी किसान बायसराम धाकड़ ने अपने खेतों में जैविक खेती कर एक हेक्टेयर में 62 क्विंटल गेहूं का उत्पादन लिया है, जो सर्वाधिक है। जिसका वैज्ञानिकों द्वारा प्रमाणीकरण भी किया जा चुका है।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने गुरूवार को शिवपुरी में आयोजित खण्डस्तरीय अंत्योदय मेले में सर्वाधिक उत्पादन लेने पर किसान बायसराम को आत्मा परियोजना के तहत 25 हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि भी प्रदाय कर सम्मानित किया और अन्य किसानों को भी इनसे प्रेरणा लेने का आग्रह किया।
किसान बायसराम ने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने बताया कि रसायनिक खाद्य का लगातार उपयोग करने से खेतों की उर्वरक शक्ति में कमी आ रही है और उत्पादों में भी पोषक तत्वों की कमी देखने को मिल रही है।
उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर अपने खेतों में जैविक खेती के माध्यम से 62 क्विंटल प्रति हेक्टेयर गेहूं का उत्पादन भी लिया है। उत्पादित गेहूं के पोषक तत्वों में भी कोई कमी नहीं आई है।
उन्होंने बताया कि एक हेक्टेयर में जैविक खेती के माध्यम से 40 क्विंटल अरहर का उत्पादन भी लिया है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। बायसराम ने बताया कि खेत पाठशाला के माध्यम से किसानों को जैविक खेती की ओर प्रेरित किया जा रहा है, जहां मुन्नालाल एवं सोनीराम किसान ने भी अपने खेतों में जैविक खेती के माध्यम से बम्पर उत्पादन ले रहे है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।