पार्टी को सर्वोपरि मानते हुए कोलारस उप चुनाव में जुटें कार्यकर्ता: नंदकुमार सिंह चौहान

NEWS ROOM
0
शिवपुरी। कोलारस विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी विधायक रामसिंह यादव की असमायिक निधन के बाद होने वाले उप चुनाव की निर्वाचन आयोग ने भले ही विधिवत घोषणा नहीं की लेकिन भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश नेतृत्व  कांग्रेसी सीट को अपनी झोली में डालने के लिए पूरी तरह कटिबद्ध दिखाई दे रहा है। उप चुनाव की तैयारियों को लेकर जहां प्रदेश के चार मंत्री, एक दर्जन से अधिक संगठन मंत्रियों के साथ जिला व मंडल स्तर के भाजपा पदाधिकारियों को जिम्मेदारी देकर बूथ केन्द्रों को जीतने के लिए रणनीति बनाई जा रही है।

भाजपा के प्रदेश स्तरीय नेता कोलारस विधानसभा क्षेत्र में दौरा कर कार्यकर्ताओं में पार्टी के महत्व को समझाते हुए एकजुटता का पाठ पढ़ाने का कार्य अभी से कर रहे हैं। वहीं बूथ स्तर पर गांव-गांव पहुंचकर नेता व कार्यकर्ता किसान, गरीब, मजदूरों को भाजपा की शिवराज व केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बता कर कांग्रेस के 60 साल की शासन काल की निष्क्रियता और भ्रष्टाचारी नीतियों के बारे में अंतर बताने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आज भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने बदरवास, कोलारस के साथ अन्य मंडलों पर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर जमीनी हकीकत की जानकारी लेते हुए उनमें जोश भरने का कार्य किया। 

प्रदेशाध्यक्ष श्री चौहान ने बदरवास के साक्षी गार्डन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की केन्द्र व प्रदेश की सरकार ने गरीब व किसानों के कल्याण के लिए कई योजनायें लागू  की है। इन योजनाओं को लेकर कार्यकर्ता लोगों के पास पहुंचें। इसके साथ ही उन्होंने पार्टी का महत्व समझाते हुए कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि पार्टी से बढ़ा कोई नहीं है। पार्टी की शान में ही अपनी शान है। टिकिट मांगने वाले नेताओं से कहा कि टिकिट मांगना बुरी बात नहीं है, पार्टी के कार्य करते हुए टिकिट मांगना हमारा कर्तव्य भी है, इसे नकारा नहीं जा सकता, लेकिन टिकिट किसी एक व्यक्ति को ही मिलता है। यह नसीब की बात है उन्होंने भाग्य का उदाहरण देते हुए कहा कि देश के राष्ट्रपति माननीय कोविन्द को भी रात को सोते समय तनिक भी नहीं सोचा होगा कि वह अगले दिन राष्ट्रपति चुने जायेंगे। 

श्री चौहान ने कार्यकर्ताओं से शपथ लेते हुए उनसे आग्रह किया कि चुनाव में उम्मीदवार कोई भी हो लेकिन हमारा धेय कमल का फूल होना चाहिए। पार्टी को सर्वोपरि मानते हुए उसे जिताने के लिए पूरे मनो योग से जुट जायें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि भाजपा का कार्यकर्ता स्वाभिमान व समर्पण से कार्यकर्ता है यह परंपरा हमारी पार्टी की रही है। इसी के बल पर आज पार्टी का परचम पूरे भारत वर्ष में फहर रहा है। 

कार्यकर्ता सम्मेलन के शुभारंभ से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक रामेश्वर दयाल शर्मा व अन्य नेताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामप्रसाद मुखर्जी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके पश्चात भाजपा के जिला पदाधिकरी, प्रदेश प्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व कार्यकर्ताओं ने प्रदेशाध्यक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व विधायक नरेन्द्र बिरथरे द्वारा किया गया। भाजपा नेता कल्याण बांसखेड़ा बालों ने उपस्थित अतिथियों को तलबार भेंट कर स्वागत किया। 

कांग्रेस के 60 साल पर भारी हैं शिवराज के 12 वर्ष 
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कार्यकर्ता व आमजनता को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के 60 साल पर भाजपा की शिवराज सरकार द्वारा 12 साल में कराए गए विकास कार्य भारी पड़ेंगे। उन्होंने एक ओर जहां कांग्रेस सरकार की किसान गरीब विरोधी नीतियों के बारे में खुलकर बोला वहीं भाजपा की सरकार की उपलब्धि को एक-एक कर गिनाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने कभी गरीबों के कल्याण के लिए कोई नीति नहीं बनाई। भाजपा सरकार ने किसानों के लिए मुफ्त में कर्ज देने का कार्य किया है। वहीं फसल नष्ट होने पर फसल बीमा योजना के तहत अकेले कोलारस विधानसभा क्षेत्र में 88 करोड़ राशि किसानों खाते में डाली गई है। 

उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस ने 60 के लम्बे कार्यकाल में 8 करोड़ की राशि भी किसानों को मुआवजे के रूप में दी हो, तो बतायें। इसी प्रकार गरीबों के लिए रहने के लिए पक्के मकान बनाने कार्य केन्द्र की मोदी सरकार व प्रदेश की शिवराज सरकार कर रही है। अकेले कोलारस क्षेत्र में गरीबों के लिए 50 हजार पक्के मकान बनाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गरीबों के लिए पक्के मकान बनाने कार्य नहीं थमेगा बल्कि यह क्रम 2022 तक तब तक चलता रहेगा जब तक एक-एक गरीब को पक्का आवास उपलब्ध हो सके। जबकि कांग्रेस के शासन काल में एक गांव में एक या दो इन्द्रा आवास के नाम पर कुटीर मिलती थी वह भी आधी अधूरी रह जाती थी। महिलाओं की जानमाल की सुरक्षा के लिए जननी एक्सप्रेस योजना लागू की। उन्हें अच्छा स्वास्थ्य लाभ मिले इसके लिए प्रसव के दौरान 6 हजार रूपए नगर राशि देने का कार्य भाजपा सरकार ने किया। 
Tags

Post a Comment

0Comments

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!