वृद्धा ने बीमारी से त्रस्त होकर और युवती ने अज्ञात कारणों से की आत्महत्या

शिवपुरी। करैरा थाना क्षेत्र में एक वृद्धा और एक युवती ने आत्महत्या कर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया जाता है कि वृद्धा ने बीमारी से त्रस्त होकर आत्महत्या की। वहीं विवाहिता ने क्यों आत्महत्या की? इसका कारण अज्ञात है।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार करैरा थाना क्षेत्र के मुंगावली गांव की वृद्धा धनकू पत्नी पातीराम प्रजापति उम्र 65 वर्ष काफी दिनों से बीमारी से जूझ रही थी। लकवा लग जाने के कारण वह 10-12 साल से परेशान थी। लकवे से मुक्ति के लिए उसने इलाज कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इसी कारण उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

वहीं करैरा थाना क्षेत्र के टोडा गांव की विवाहित महिला बालकुंवर पत्नी सोनेजू लोधी उम्र 21 वर्ष ने अपने घर पर फांसी लगा ली। बताया जाता है कि परिवार के सदस्य जब खेत पर गए हुए थे और घर में कोई नहीं था। उसी दौरान उसने कुंदे में फंदा डालकर फांसी लगा ली। जिससे उसकी मौत हो गई।