नरवर चुनाव प्रचार में आ सकते हैं नरेन्द्र सिंह

राजू (ग्वाल)यादव/शिवपुरी/ नरवर नगर पंचायत के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के नए प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर आ सकते है। ऐसी संभावनाऐं जताई जा रही है। भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर का  नरवर में जल्द ही प्रोग्राम बन सकता है।

पार्टी के एक नेता ने नाम ना छापने की शर्त पर बताया कि राधौगढ़ में हो रहे चुनाव में नरेन्द्र सिंह तोमर शनिवार को प्रचार के लिए गए थे और आगामी 10 जनवरी के आसपास नरेन्द्र सिंह तोमर नरवर में भी भाजपा के प्रचार के लिए आ सकते है। मध्यप्रदेश में पार्टी की कमान संभालने के बाद नरेन्द्र सिंह तोमर के सामने राधौगढ़,ओंकारेश्वर और नरवर के चुनाव एक चुनौती की तरह है। इसी क्रम में नरेन्द्र सिंह तोमर राधौगढ़ और ओंकारेश्वर में प्रचार कर चुके है और अब नरवर की बारी है। 

उल्लेखनीय है कि शिवपुरी जिले की नरवर नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी जिनेन्द्र जैन बल्लो का कांग्रेस के प्रत्याशी मनोज माहेश्वरी से सीधा मुकाबला है। यहां पर मुकाबला इसलिए और रोचक हो गया है क्योंकि भाजपा का दामन छोड़कर मनोज माहेश्वरी ने कांगे्रेस ज्वाईन करके भाजपा को ही चुनौती दे डाली है। प्रत्याशी चयन में लेटलतीफी और खींचतानी के कारण यहां भाजपा के लिए मामला शुरूआती दौर में सिरदर्द भरा साबित हो रहा है। भाजपा की जीत के लिए यहां के प्रभारी बनाए गए कोलारस विधायक देवेन्द्र जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर रावत सहित अन्य कई नेता मोर्चा संभाले हुए है। यहां भाजपा को बढ़त दिलाने  बड़े नेताओं के प्रचार के लिए आने की मांग उठने लगी है। इसी क्रम में आने वाले दिनों में नए प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर यहां प्रचार के लिए आ सकते है। 


यशोधरा को लेकर अभी भी सस्पेंस


नरवर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर चुनाव भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधे तौर पर होने के कारण भाजपा की साख यहां दांव पर लगी है। यहां चल रहे चुनाव प्रचार में यशोधरा राजे सिंधिया आगामी दिनों में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए आएंगी की नहीं इसको लेकर अभी सस्पेंस बरकरार है। यहां अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी चयन में यशोधरा राजे सिंधिया की राय ना लेने के बाद ऐसी संभावनाऐं जताई जा रही है कि यहां यशोधरा राजे सिंधिया प्रचार के लिए नहीं आएंगी। सूत्र बताते हैं कि भाजपा में एक दूसरे खेमे के नेताओं में यहां अपने एक खास व्यक्ति को मैदान में उतार दिया है। पार्टी प्रत्याशी के चयन में यशोधरा गुट को पूरी तरह से दूर रखा गया। हालांकि नरवर नगर पंचायत का क्षेत्र यशोधरा राजे सिंधिया के ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में आता है। इसलिए सांसद होने के नाते यहां चुनाव प्रचार में आना उनके लिए जरूरी है मगर अभी कोई अधिकृत कार्यक्रम उनका जारी नहीं हुआ है। 


चुनावी पोस्टरों से प्रभात के फोटो गायब


नरवर नगर पंचायत में चल रहे चुनाव प्रचार में भाजपा के पोस्टरों से पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा के फोटो गायब है। कल तक प्रभात झा के फोटो हर कार्यक्रमों और सभाओं में बैनर पोस्टरों पर दिखा करते थे। प्रदेशाध्यक्ष के पद से प्रभात झा की विदाई के बाद नरवर के कार्यकर्ताओं ने बैनर व पोस्टरों से भी प्रभात झा के फोटों को विदा कर दिया है। ऐसा यहां पर लगाए गए बैनर पोस्टरों से साफ प्रतीत होता है। सूत्र बताते हैं कि जान बूझकर एक भाजपा के विधायक ने प्रभात झा के फोटो बैनर पोस्टरों से गायब करवाए है। उल्लेखनीय है कि प्रभात झा ने अभी दीपावली के बाद ग्वालियर में इस भाजपा विधायक को जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर सार्वजनिक रूप से सबके सामने फटकार लगाई थी। इस भाजपा विधायक को नरवर का प्रभारी भी बनाया गया है।