लो अब रामबाग कॉलोनी में कट गई महिला की चोटी, कॉलोनी जुटी टोने-टोटकों में

शिवपुरी। वैसे तो आज का दिन शिवपुरी में चोटी काटने वालो के नाम हो गया है। अब तो लोग इन चोटी काटने बालों से बचने के लिए टौने-टौटके करने में जुट गई है। इसी क्रम में आज दिन दहाड़े रामबाग कॉलोनी में आज एक महिला की चुटिया काट ली गई। इससे पूर्व बैराड़ कस्बे में चुटिया काटने की घटना घटित हो चुकी है। शिवुपरी जिले के साथ मुख्यालय पर भी चुटिया काटे जाने की घटना से नागरिकों में भय का माहौल व्याप्त हो रहा है। 

बैराड़ कस्बे सहित वहां के गांव रायपुर में एक महिला और पुरूष ने अपनी चुटिया कटने का दावा किया। लेकिन पुलिस ने इसे कोरी अफवाह बताया है। लेकिन चुटिया कटने की अफवाह फैलने से क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है और ग्रामीण भयभीत हो गए हैं। घटना से जुड़े कुछ फोटो सोशल साइट व्हाट्सएप और फेसबुक पर शेयर किए गए हैं। जिनसे अफवाहें पूरे जिले में फैल गई हैं। 

जानकारी के अनुसार रामबाग कॉलोनी में निवासरत गिरजा पत्नि शंभूदयाल पाराशर अपने मकान में लगभग 1:30 बजे सो रही थी। तभी किसी ने दरबाजे पर दस्तक दी। दस्तक देने वाले द्वारा कुछ तांत्रिक क्रियायें की गई जिससे वह बेहोश हो गर्ई। चुटिया काट ली। जब इस बात की जानकारी वहां रह रही सरोज सोनी पत्नि शिवकुमार सोनी को लगी तो उन्होंने तत्काल आकर गिरजा को देखा तो वह बेहोश पड़ी उनका कहना था कि मेरे मकान का दरबाजा भी किसी खटखटाया लेकिन मेरे द्वारा दरबाजा नहीं खोला गया।

इसी तरह बैराड़ के गायत्री मंदिर के पीछे रहने वाली एक महिला रिंकी पत्नि हमीर तोमर की रात्रि में चुटिया काट दी। जब वह लघुशंका के लिए जागी तो उसे चुटिया कटने की जानकारी लगी और उसने परिजनों को घटना के बारे में बताया। बाद में यह जानकारी आग की तरह कस्बे में फैल गई। वहीं दूसरी घटना बैराड़ से 8 कि.मी. दूर ग्राम रायपुर में फैली। जहां सोनेराम जाटव पुत्र मुन्नी जाटव की सोते समय चुटिया कट गई। जिसकी जानकारी उसे आज सुबह लगी। इन सूचनाओं का जैसे ही प्रसारण हुआ क्षेत्रवासी भयभीत हो गए। 

साया से बचने के लिए लोगों ने टोटके किए शुरू
चुटिया कटने की अफवाहों का दौर पूरे जिले भर में शुरू हो गया है और लोग भयभीत होकर उक्त घटनाओं को प्रेतात्माओं से जोडक़र चल रहे हैं और उनसे बचने के उपाय शुरू कर दिए हैं। कई लोगों ने अपने घरों के मुख्य दरवाजों पर टोटके करना शुरू कर दिया है। वह नीम के झाड़ और नींबू, मिर्ची लगाकर प्रेतात्माओं से बचने के उपाय कर रहे है। 

अफवाहों के बाद सोशल साइट पर मजाकिया फोटो होने लगे शेयर
चुटिया कटने की अफवाहों से लोगों ने अब सोशल साइट पर मजाकिया फोटो शेयर करने शुरू कर दिए हैं। व्हाट्सएप पर संचालित एक ग्रुप पर एक बुजुर्ग महिला के सिर का फोटो शेयर किया है। जिसमें उक्त महिला की चुटिया पर एक धागे में हरी मिर्च और नींबू बंधे हुए हैं और फोटो पर लिखा गया है कि सावधानी हटी चुटिया कटी। इस तरह से फेसबुक पर तरह तरह से मजाकिये दौर भी शुरू हो गए हैं और लोग उसका भरपूर आनंद भी ले रहे हैं।