शिवपुरी. भारतीय जनता पार्टी ने आज किसान बचाओ अनुष्ठान के तहत शिवपुरी के माधवचौक चौराहे पर धरना दिया। इस धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे। पार्टी के जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत ने धरना प्रदर्शन में अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक ओर जहां भाजपा की प्रदेश सरकार अन्नदाता किसानों के 100 रूपये प्रति क्ंिटल बोनस दे रही है, वहीं दूसरी ओर केन्द्र की कांग्रेस सरकार ने खाद की कीमतों में अपार वृद्धि कर किसानों को संकट में डाल दिया है, केन्द्र की यूपीए सरकार की वे रूखी के चलते देश के अन्नदाता किसान का मन अब खेती की ओर से खट्टा होने लगा है।
वर्तमान समय में देश का किसान प्रति एकड़ 2000 रूपए घाटे पर उत्पादन कर रहा है जिसके चलते उसके लिए अपने अस्तित्व को बचाने का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने केन्द्र की यूपीए सरकार पर जानबूझ कर खेती किसानी के लिए खाद का संकट उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार ने नई खाद नीति के तहत 6 हजार करोड़ रूपए की सब्सिडी को पिछले साल कम कर दिया तथा खाद कंपनियों को खाद के मूल्य निर्धारण का अधिकार देकर खाद की कीमतों में बेतहासा वृद्धि को जानबूझ कर प्रोत्साहन दिया है।
धरना स्थल पर भाजपा नेतागण दिनभर केन्द्र की यूपीए सरकार के खिलाफ आग उगलते रहे। उनका कथन था कि 527 रूपये प्रति बोरी की डीएपी खाद की कीमत बढ़ाकर 1272 रूपये कर दी गई है। पिछले साल के मुकाबले केन्द्र सरकार ने उर्वरकों की दर में दो गुना से अधिक वृद्धि कर दी है। यदि केन्द्र सरकार ने ये मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली तो किसान बर्बाद हो जाएगा और खेती घाटे का सौदा बन जाएगी। इस धरना प्रदर्शन को प्रमुख रूप से भाजपा जिलाध्यक्ष रणवीर सिंह रावत, शिवपुरी विधायक माखन लाल राठौर, विधायक देवेन्द्र जैन, करैरा विधायक रमेश खटीक, प्रहलाद भारती, ओमप्रकाश शर्मा ओमी गुरू, सुशील रघुवंशी, जगराम सिंह यादव, अशोक खण्डेलवाल,तुलाराम यादव सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने संबोधित किया।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।