राज ना खुले इसलिए नपुंसक ने पत्नि को मार डाला

शिवपुरी। भौंती के ग्राम दुल्हई में रहने वाली एक नवविवाहिता आज सुबह अपने कमरे में फांसी पर लटकी मिली। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस के समक्ष मृतिका के परिजनो ने ससुराल पक्ष पर कई गंभीर आरोप लगाए है जिसमें उन्होने बताया कि उनका दामाद नपुंसक था और वो अकारण ही उनकी पुत्री को प्रताडि़त कर रहे थे। बाद में ससुरालीजनो ने मिलकर उसकी हत्या कर उसका शव कमरे में कुंदे से टांग दिया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक ग्राम दुल्हई में रहने वाली लली बाई पत्नी रामलखन लोधी (22) का शव उसके कमरे में एक कुंदे से टंगा मिला। घटना की जानकारी ससुरालीजनों ने मृतिका के परिजनो को दी जिस पर से मौके पर पहुंचे मृतिका के मां-बाप ने ससुराली पक्ष के लोगो पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पुत्री की शादी उन्होने अभी डेढ़ वर्ष पूर्व ही की थी लेकिन दामाद के नामर्द होने के कारण ससुराली पक्ष को संतान सुख नहीं मिल पा रहा था।

जबकि इस मामले में उनकी पुत्री की कोई गलती नहीं थी इसके अलावा ससुरालीजन कई अन्य छोटी-मोटी बातों को लेकर उनकी पुत्री को अकारण ही परेशान करते थे। आज भी दामाद, सास व ससुर सहित अन्य ससुरालीजनों ने मिलकर लली बाई की हत्या कर उसे फांसी पर लटका दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पीएम कराकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।