नए कलेक्टर ने पदभार ग्रहण किया, पढ़िए क्या कहा उन्होंने

शिवपुरी। शिवपुरी की समस्याओं के विषय में मैं अधिक परिचित नहीं हूं। इसके पूर्व सिर्फ एक बार ही शिवपुरी आया था लेकिन शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं का सक्षमतापूर्वक क्रियान्वयन मेरी प्रथम प्राथमिकता रहेगी। उक्त उद्गार नवागंतुक कलेक्टर राजीवचंद दुबे ने पदभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से चर्चा करते हुए व्यक्त किए।

इस के पूर्व कलेक्टर दुबे ने अधिकारियों की बैठक भी ली। इस अवसर पर निवर्तमान कलेक्टर आरके जैन, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट डीके जैन आदि भी उपस्थित थे।

संचालक स्वास्थ एवं आयुष विभाग के पद से स्थानांतरित होकर आए सन् 2003 के बैच के पदोन्नत आईएएस अधिकारी राजीवचंद दुबे रतलाम कलेक्टर भी रह चुके हैं। राज्य सेवा के अधिकारी रहे श्री दुबे पांच साल तक जबलपुर नगर निगम में आयुक्त के पद पर भी रह चुके हैं और साढ़े आठ साल वह मुख्यमंत्री सचिवालय में भी रहे।

जब श्री दुबे से पूछा गया कि शिवपुरी में उनकी प्राथमिकता क्या रहेंगी तो उनका जवाब था कि वह यहां की समस्याओं और परिस्थितियों से परिचित नहीं हैं और निवर्तमान कलेक्टर जैन से समझकर वह अपनी प्राथमिकताएं तय करेंगे, लेकिन फिर उन्होंने जोड़ा कि कलेक्टर के रूप में उनकी पहली प्राथमिकता तो शासकीय योजनाओं का दक्षतापूर्वक क्रियान्वयन करने का रहेगा ताकि जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता को मिल पाए। साथ ही लंबित योजनाओं को पूर्ण करना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेगा।

जहां तक उनकी रूचि का सवाल है वह स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर देंगे तथा कोशिश करेंगे कि अस्पताल में मरीजों का ठीक इलाज हो सके और उन्हें मुफ्त दवा मिल सके। कलेक्टर दुबे ने बताया कि रतलाम कलेक्टर के रूप में उन्होंने अस्पताल में बालिकाओं को जन्म देने वाली माताओं तथा बच्ची का सम्मान कराने का निर्णय लिया था और इस हेतु शासकीय रूप से एक पैसा भी खर्च न करते हुए जनसहयोग से यह कार्य किया था। इस अवसर पर प्रसूता महिला को मिलने वाली सभी शासकीय सुविधाएं और राशि भी उसी अवसर पर प्रदान की गई थीं। जब उनसे पूछा गया कि क्या बालिका माता सम्मान वह शिवपुरी अस्पताल में भी शुरू कराएंगे तो उन्होंने कहा कि वह कोशिश करेंगे।

नवागंतुक कलेक्टर राजीवचंद दुबे ने कार्यभार संभाला
संचालक स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग से स्थानांतरित होकर शिवपुरी कलेक्टर के पद पर आये राजीवचंद दुबे ने आज कलेक्ट्रेट में पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला। इस अवसर पर निवर्तमान कलेक्टर आरके जैन भी मौजूद थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार नवनियुक्त कलेक्टर राजीवचंद दुबे कल रात शिवपुरी पहुंचे। उन्होंने रात्रि में सर्किट हाउस पर विश्राम किया और आज सुबह वह कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनके साथ निवर्तमान कलेक्टर आरके जैन भी थे। खास बात यह है कि दोनों आईएएस अधिकारी 2003 बैच के हैं और राज्य सेवा से पदोन्नत होकर आईएएस बने हैं। चार्ज ग्रहण करने के बाद कलेक्टर दुबे ने अधिकारियों से औपचारिक परिचय लिया और उनके विभाग द्वारा संचालित की जा रही योजनाओं की जानकारी ली।

Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!