जिलाध्यक्ष के चयन के विवाद को जबर्दस्ती तूल दे रहे है कुछ नेता

shailendra gupta
शिवपुरी- शिवपुरी की भाजपा में कुछ विघ्नसंतोषी भाजपाईयों के कारण पार्टी की गुटाबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर इन विघ्नसंतोषी भाजपाईयों द्वारा जबर्दस्ती मामले को तूल देने के कारण पार्टी को इसका नुकसान हो रहा है।

शनिवार को शिवपुरी आए भाजपा के संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन के समक्ष भी इन विघ्नसंतोषी भाजपाईयों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर एक ज्ञापन सौंपा। इन विघ्नसंतोषी भाजपाईयों के कारण पार्टी को बड़ी ही फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। आपसी वैमनस्यता खेमेबाजी जबर्दस्त ढंग से तूल पकड़ रही है कुछ गिने चुने नेता ही इस बात को हवा दे रहे है जो भाजपाई हवा दे रहे है उनका जमीनी स्तर पर कोई जनाधार नहीं है।

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भाजपा के वर्तमान जिलाध्यक्ष रणवीर रावत की खिलाफत में जो विघ्नसंतोषी भाजपाई मोर्चा खोले है उनका कोई जनाधार नहीं है। ऐसी सूचना शनिवार को शिवपुरी आए प्रदेश संगठन मंत्री अरविन्द मेनन के समक्ष पहुंचाई गई है। इस सूचना के पहुंचने के बाद पार्टी के संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन ने ज्ञापन देने आए विघ्नसंतोषी भाजपाईयों को कोई वजन नहीं दिया। वजन ना मिलने से मायूस नेता एक पत्र के माध्यम से अपना ज्ञापन देकर चलते बने। उल्लेखनीय है कि पिछले कई दिनों से भाजपा में पार्टी के नए जिलाध्यक्ष को लेकर रस्साकसी का दौर चल रहा है। पार्टी के कुछ नेता जबर्दस्ती इस बात को तूल दे रहे हैं कि रणवीर रावत को रिपीट ना किया जाए।

आपस में ही एक नहीं है यह विघ्नसंतोषी भाजपाई

भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर पिछले कई दिनों से मोर्चा खोले विघ्नसंतोषी भाजपाईयों में भी किसी एक नाम पर सहमति नहीं है। पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि रणवीर रावत का विरोध कर रहे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र निगम, धैर्यवर्धन शर्मा, यशवन्त जैन, नवप्रभा पड़रिया, देवेन्द्र श्रीवास्तव, हरिशंकर दुबे आदि नेताओं में ही एक राय नहीं है। आपस में ही यह नेता इस बात पर सहमत नहीं है कि किसे जिलाध्यक्ष के तौर पर प्रोजेक्ट किया जाए। यह खेमा कभी जैन ब्रदर्स तो कभी यशोधरा राजे सिंधिया गुट का समर्थन लेकर आगे बढ़ता रहा है। इस बार देवेन्द्र जैन एण्ड कंपनी इस खेमे को आगे प्रोजेक्ट करने में लगी है जबकि यशोधरा खेमे से जुड़े नेताओं ने इस गुट से दूरी बना ली है। फिलहाल शनिवार को इन नेताओं ने संगठन महामंत्री अरविन्द मेनन को ज्ञापन देकर अपनी बात रखने की कोशिश की है।

रणवीर का नाम फायनल!

भाजपा से जुड़े सूत्रों ने बताया है कि शिवपुरी के भाजपा जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर स्थानीय कुछ विघ्नसंतोषी नेताओं द्वारा जो बबंडर फैलाया जा रहा है उसका कोई वजन नहीं है। भोपाल में वरिष्ठ नेताओं के बीच शिवपुरी के भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम पर सहमति बन गई है। सूत्र बताते हैं कि नरेन्द्र सिंह के खास रणवीर रावत के नाम पर यशोधरा खेमा भी राजी है। गत दिनों पोहरी और करैरा में अन्त्योदय मेले के दौरान जिस प्रकार से यशोधरा राजे सिंधिया के दौरे के समक्ष रणवीर रावत की उपस्थिति देखी गई उससे यह बात तय है कि अंदरूनी तौर पर यशोधरा राजे सिंधिया ने रणवीर रावत के नाम को फायनल कर दिया है। पार्टी से जुड़े सूत्र बताते हैं कि मप्र में 12 जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा होना है जिसमें शिवपुरी भी शामिल है। सूत्र बताते हैं कि 31 मार्च को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर अपने शिवपुरी दौरे के दौरान जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा कर सकते थे मगर उनका दौरा निरस्त हो गया अब 10 अप्रैल को नरेन्द्र सिंह तोमर शिवपुरी आ रहे है। 10 अप्रैल को रणवीर के नाम की घोषणा बतौर जिलाध्यक्ष के लिए होने के आसार है।

Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!