शिवपुरी की राजनीति में भी रहेगा उमा की प्रदेश वापिसी का असर

शिवपुरी 8 अप्रैल- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह द्वारा घोषित की गई अपनी टीम में मप्र की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती और भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष प्रभात झा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद मप्र की राजनीति में भी नए समीकरण बनने के आसार है।

सोमवार को भोपाल के भाजपा प्रदेश कार्यालय में जिस प्रकार से उमा भारती और प्रभात झा का स्वागत किया गया है उससे अब राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनेेंगें जिसका असर शिवपुरी में भी पडऩा तय है। भाजपा की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती पूरे 8 साल बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में गई है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में उमा भारती के जोरदार स्वागत के बाद शिवपुरी में भी उनके समर्थक में खासा उत्साह का माहौल है।

भाजपा की राजनीति में भुला और बिसरा दिए गए उमा समर्थकों में सोमवार को खासा उत्साह देखा गया और अधिकांश उमा समर्थक जोश की मुद्रा में देखे गए। शिवपुरी की राजनीति की बात करें तो उमा समर्थकों में नरेन्द्र बिरथरे, गणेश गौतम, लोकपाल सिंह लोधी, नवप्रभा पड़रिया, मानकचन्द्र राठौर को गिना जाता है इसके अलावा और भी कई भाजपा नेता है जो उमा समर्थक है। भाजपा छोड़कर भारतीय जनशक्ति पार्टी बनाने वाली उमा भारती के साथ शिवपुरी के कई भाजपा नेता पार्टी को छोड़कर नहीं गए थे लेकिन नरेन्द्र बिरथरे, मानकचन्द्र राठौर, लोकपाल लोधी ने भाजपा छोड़ दी थी। 

अब इन उमा समर्थक नेताओं में जोश का संचार देखा जा रहा है। वहीं दूसरी ओर प्रभात झा जो प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी से हटाए गए थे उन्हें दोबारा से राष्ट्रीय राजनीति में उपाध्यक्ष का पद नवाजा गया है। उपाध्यक्ष पद मिलने के बाद प्रभात झा भी ताकतवर बनकर राज्य की राजनीति में उभरे है। इसके कारण प्रभात झा समर्थक भी खुशी से फूले नहीं समा रहे है।

टिकिट आवंटन में मिलेगा फायदा

सोमवार को भाजपा के प्रदेश कार्यालय में उमा भारती, प्रभात झा, थावरचंद गहलोत और सुधा मलैया के स्वागत में हजारों पार्टी नेता मौजूद थे। इनका स्वागत सत्कार पूरे जोश से किया गया। इसी दौरान अब यह बात भी चर्चा का विषय बन गई है कि सन् 2013 में विधानसभा चुनाव में उमा भारती और प्रभात झा टिकिट आवंटन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाऐंगें जिस प्रकार से यह दोनों नेता प्रदेश की राजनीति के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में ताकतवर बनकर उभरे है उससे इन नेताओं के समर्थकों में जोश है। कई उमा समर्थक और प्रभात झा समर्थक भाजपा नेताओं ने बताया कि नवम्बर में विधानसभा चुनाव के दौरान टिकिट आवंटन में इनका भी जलवा देखने को मिलेगा।

Tags

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!