शिवपुरी। बोरवेल खनन पर प्रतिबंध हटाने हेतु भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी के नेतृत्व में भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर राजीवचंद दुबे से भेंटकर उन्हें ज्ञापन दिया। श्री रघुवंशी ने बताया कि कलेक्टर ने उन्हें बोरवेल खनन पर शीघ्र प्रतिबंध हटाने का आश्वासन दिया है।
भाजपा प्रतिनिधि मंडल में श्री रघुवंशी के अलावा नगर अध्यक्ष भानु दुबे, नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष अजय खेमरिया, हरिओम राठौर, हेमपाल दांगी, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष दिनेश रावत, कोलारस मंडल अध्यक्ष विपिन खेमरिया और नवाब सिंह कुशवाह शामिल हैं।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्री रघुवंशी ने बताया कि शिवपुरी जिले में सूखे की स्थिति को देखते हुए भारी पेयजल समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही कम वर्षा होने से किसान भी भारी परेशान है। जल स्तर काफी नीचे चले जाने के कारण किसानों की फसलों को पानी भी नहीं लग पा रहा है और इसके अभाव में उनकी फसलें सूख रही हैं।
पशुओं के लिए पीने के पानी का संकट अलग से खड़ा हो गया है। ऐसी स्थिति में बोरवेल खनन पर प्रतिबंध नहीं हटाया गया तो इससे समस्या और गंभीर हो जाएगी। श्री रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने इन सब बातों को विस्तार से कलेक्टर को अवगत कराया और कलेक्टर ने इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।