स्वच्छता अभियान: कलेक्टर ने किया पटेल नगर पार्क का निरीक्षण

शिवपुरी। शिवपुरी कलेक्टर राजीव चन्द्र दुबे ने शुक्रवार शाम वार्ड क्रमांक 31 के पटेल नगर पार्क का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पौधरोपण भी किया। पार्क की हरियाली देख श्री दुबे ने पटेल नगरवासियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही उन्होंने नगरपालिका अध्यक्ष मुन्ना लाल कुशवाह एवं नपा अधिकारियों को कम से कम समय में पार्क को विकसित करने के लिए झूले, फव्वारे सहित अन्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री दुबे के साथ नपाध्यक्ष मुन्नालाल कुशवाह के अलावा मु य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मौर्य, एसडीएम नीतू माथुर, परियाजना अधिकारी शहरी विकास वीवी पाण्डे, उपयंत्री आर डी शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं वार्डवासी उपस्थित थे।

गौरतलब है कि प्रति शुक्रवार जिला प्रशासन द्वारा चलाए जाने वाले स्वच्छता अभियान के क्रम में बीते शुक्रवार जिला कलेक्टर राजीव चन्द्र दुबे मय अमले के वार्ड क्रमंाक 31 के पटेल नगर पार्क पहुंचे जहां सर्वप्रथम उन्होंने पटेल नगर कालोनी का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।

तदोपरांत वे पटेल नगर स्थित पार्क पहुंचे जहां उन्होंने सर्वप्रथम पौधरोपण करते हुए अशोक, मोरछली, हरश्रंगार, चंपा, अमलताश, गुलमोहर के पौधे रोपित किए। साथ ही उन्होंने समूचे पटेल नगर पार्क का बारीकी से निरीक्षण किया और इस पार्क को विकसित करने में अहम भूमिका निभाने वाले पटेल नगर निवासी अशोक अग्रवाल सहित उनकी टीम की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उनसे अन्य आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर पटेल नगर पार्क में तकरीबन डेढ़ घंटे से भी अधिक समय तक रहे।

पार्क में लगेंगे झूले, मु य द्वार बनेगा आकर्षक
पटेल नगर पार्क में मौजूद बच्चों से बातचीत के क्रम में बच्चों ने पार्क में झूले लगाए जाने की मांग कलेक्टर श्री दुबे से की, जिसपर उन्होंने कम से कम समय में झूले लगाने के निर्देश नपाधिकारियों को दिए।

पार्क को और भी आकर्षक बनाने के लिए श्री दुबे ने उपस्थित वार्डवासियों से सुझाव मांगे जिसपर उन्होंने पार्क में एक ओर इलेक्ट्रानिक झरना एवं मु य द्वार को आकर्षक बनाने के भी निर्देश नपाधिकारियों को दिए।

वार्डवासियों ने दिए पार्क व्यवस्था के सुझाव
पटेल नगरवासी अशोक अग्रवाल द्वारा कलेक्टर श्री दुबे को पार्क में से गुजरे दो विद्युत खंबों के बारे में अवगत कराया गया, उनका कहना था कि पार्कों के बीच में इन खंबों के होने से भय का वातावरण निर्मित रहता है। यदि इन्हें पार्क से बाहर करा दिया जाए तो बच्चों के लिए और भी सुविधाजनक स्थिति निर्मित होगी।

वार्डवासी भूपेन्द्र भटनागर द्वारा श्री दुबे से यहां स्थित मल्टी जिम में एक मेनुअल ट्रेडमिल एवं ग्रासकटर की मांग की गई, जिस पर श्री दुबे ने उक्त व्यवस्थाएं तत्काल प्रभाव से मुहैया कराने के लिए नपाध्यक्ष श्री कुशवाह से कहा।

कलेक्टर बोले जनभागीदारी के लिए आगे बढ़ो
कलेक्टर श्री दुबे ने पटेल नगरवासियों से कहा कि आप लोग पार्क को और भी विकसित करने के लिए जनभागीदारी के लिए हाथ बढ़ाओ जितना पैसा आप लोग दोगे उतना प्रशासन से मैं आपको मुहैया कराऊंगा। उनका कहना था कि आप लोग पार्क को और भी आकर्षक बनाने के लिए प्रयास करो। मैं आपकी हर संभव मदद एवं आवश्यकताओं की पूर्ति कराऊंगा।