पिछोर। अपर सत्र न्यायाधीश पिछोर किशोर कुमार गहलोत ने सोमवार को दिए एक महत्वपूर्ण फैसले में सोने के हार, चांदी के जेवर और 5 हजार रुपये के लिए 57 साल के बुजुर्ग की हत्या कर शव कुएं में फेंकने वाले पांच आरोपितों को कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अभियोजन की ओर से पैरवी अपर लोक अभियोजक अमित कुमार वर्मा ने की।
अभियोजन के अनुसार फरियादी सुरेश कुमार ने 4 जून 2022 को थाना बामौरकलां में गुमशुदगी दर्ज कराई थी कि उसके बड़े भाई बृजमोहन पुत्र चोखेलाल शर्मा उम्र 57 साल 1 जून 2022 को सुबह 8:30 बजे घर का ताला लगाकर कहीं चले गए हैं। उनका मोबाइल बंद आ रहा है। जांच के दौरान 5 जून 2022 को ग्राम रिजौदी के आगे कांटी-खो, भैयासाहब यादव के खेत में बने कुएं में एक अज्ञात शव पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त बृजमोहन शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर देहाती नालसी 0/22 पर धारा 302, 201 के तहत अपराध क्रमांक 92/2022 दर्ज किया।
विवेचना में खुलासा हुआ कि आरोपितों ने हत्या की साजिश रची और सोने का हार, चांदी का सामान और नगद लूटने के लिए बृजमोहन की हत्या कर दी। रात में पिछौर के मानपुर निवास में चौरी के इरादे से घुसे और जेवर लूट लिए।
पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपित रामवीर पुत्र लाखनसिंह उम्र 33 वर्ष, हरिमानसिंह पुत्र चंद्रभान सिंह उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम पिपरा थाना खनियाधाना, केपी पुत्र जगभानसिंह उम्र 28 वर्ष, तेजपाल पुत्र भूपतसिंह उम्र 25 वर्ष, रूपसिंह पुत्र काशीराम उम्र 48 वर्ष, निवासी ग्राम सिमरौर थाना खनियाधाना को नामजद कर उनके कब्जे से चुराए गए जेवर बरामद किए गए। पुलिस ने मामला सुनवाई के लिए न्यायालय में पेश किया।
न्यायालय ने प्रकरण में आए तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपितों को धारा 302 में आजीवन कारावास व 500 रुपये जुर्माना, धारा 201, 120-बी, 457, 380 में पांच-पांच वर्ष का सश्रम कारावास व 200-200 रुपये जुर्माना सुनाया है। जुर्माना न भरने पर 15 दिन से 1 माह की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।
सभी सजाएं एक साथ चलेंगी। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि अभियुक्तगण ने गंभीर अपराध किया है। प्रथम अपराध होने के बावजूद जिस निर्ममता से हत्या की गई, उसे देखते हुए न्यूनतम दंड दिया जाना उचित नहीं, बल्कि कठोर दंड दिया जाना न्यायसंगत है। जप्तशुदा चांदी की करधनी, पायलें, घड़ी, सोने का हार, गणेशजी-लक्ष्मीजी की चांदी की मूर्ति विधवा उमादेवी को अंतरिम सुपुर्दगी में दी गई है।

प्रतिक्रियाएं मूल्यवान होतीं हैं क्योंकि वो समाज का असली चेहरा सामने लातीं हैं। अब एक तरफा मीडियागिरी का माहौल खत्म हुआ। संपादक जो चाहे वो जबरन पाठकों को नहीं पढ़ा सकते। शिवपुरी समाचार आपका अपना मंच है, यहां अभिव्यक्ति की आजादी का पूरा अवसर उपलब्ध है। केवल मूक पाठक मत बनिए, सक्रिय साथी बनिए, ताकि अपन सब मिलकर बना पाएं एक अच्छी और सच्ची शिवपुरी। आपकी एक प्रतिक्रिया मुद्दों को नया मोड़ दे सकती है। इसलिए प्रतिक्रिया जरूर दर्ज करें।